नई दिल्ली: दिल्ली में इस सितंबर पहली बार स्ट्रीट पियानो की धुन सुनाई देगी। नागालैंड के कोहिमा से शुरू हुआ ब्रिलांटे पियानो फेस्टिवल पहली बार राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा है। फेस्टिवल के दिल्ली संस्करण में पियानो प्रस्तुतियों के साथ बच्चों और विशेष जरूरतों वाले संगीतकारों के लिए कार्यक्रम, म्यूजिक एजुकेशन से जुड़े सत्र और कलाकारों व दर्शकों के बीच संवाद के अवसर होंगे। इसका आयोजन ब्रिटिश काउंसिल और सनातन IILM सेंटर फॉर आर्ट्स एंड आइडियाज में किया जाएगा।
दिल्ली में ब्रिलांटे की दस्तक सिर्फ राजधानी के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक और आयोजन जुड़ने की कहानी नहीं है। इसकी खासियत यह है कि इसकी यात्रा दिल्ली या मुंबई जैसे किसी बड़े महानगर से शुरू नहीं हुई, बल्कि नागालैंड के कोहिमा से हुई और अब यह राजधानी तक पहुंची है।

Brillante Piano Festival
नागालैंड की पियानोवादक, संगीत शिक्षिका और सांस्कृतिक नेतृत्वकर्ता ख्योचानो TCK ने 2017 में अमेरिका से भारत लौटने के बाद ब्रिलांटे पियानो फेस्टिवल की शुरुआत की थी। उनका उद्देश्य संगीत के जरिए नागालैंड के युवाओं और अपने समुदाय के बीच उम्मीद, अवसर और जुड़ाव पैदा करना था।

Brillante Piano Festival
कोहिमा से शुरू हुआ यह आयोजन धीरे-धीरे एक व्यापक संगीत मंच में बदल गया। इसके हालिया संस्करणों में भारत के 18 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों के साथ-साथ सातों महाद्वीपों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। फेस्टिवल गुरुग्राम, बेंगलुरु और कोच्चि जैसे शहरों तक भी पहुंच चुका है।
दिल्ली में पहली बार स्ट्रीट पियानो
ब्रिलांटे के दिल्ली संस्करण की सबसे खास बात स्ट्रीट पियानो होगी। इसका उद्देश्य पियानो और संगीत को पारंपरिक कॉन्सर्ट हॉल से बाहर निकालकर आम लोगों के बीच लाना है। दिल्ली जैसे बड़े और विविध शहर में यह संगीत को नए दर्शकों तक पहुंचाने का एक अलग अनुभव होगा।

Brillante Piano Festival
फेस्टिवल का जोर केवल प्रदर्शन पर नहीं है। 2021 में ब्रिलांटे ने स्पेशली एबल्ड म्यूजिशियन (SAM) की शुरुआत की थी, जिसके जरिए विशेष जरूरतों वाले संगीतकारों को मंच और अवसर देने की कोशिश की गई। इसके अलावा शिक्षकों और संगीत शिक्षकों के लिए पेडागॉजी वर्कशॉप और परफॉर्मेंस लैब भी आयोजित किए जाते हैं। ब्रिलांटे का मॉडल बच्चों, छात्रों, शिक्षकों, उभरते संगीतकारों और स्थापित कलाकारों को एक व्यापक संगीत समुदाय से जोड़ने पर केंद्रित है।
