BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पीएम मोदी अपने उद्घाटन संबोधन के दौरान अचानक कुछ सेकंड के लिए रुके और शी जिनपिंग की ओर देखकर उनका हाल पूछा।
पीएम मोदी शी चिनफिंग की ओर मुड़े और चीनी राष्ट्रपति के साथ आए अनुवादक से पूछा, "क्या सब ठीक है?" (Is it OK?) उन्होंने कुछ देर बाद फिर से यही सवाल पूछा। यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि शी की इस असहजता का कारण क्या था। बताया जा रहा है कि यह माइक्रोफोन या पीएम मोदी की बातों के अनुवाद से जुड़ा मामला था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम पीएम मोदी के भाषण के करीब 4 मिनट 40 सेकंड से 5 मिनट 11 सेकंड के बीच हुआ। कैमरे में पीएम मोदी को शी जिनपिंग की तरफ मुड़ते और उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए देखा गया। कुछ ही पलों का यह संवाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
मोदी-शी की मुलाकात भी रही अहम
ब्रिक्स सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों की मौजूदा स्थिति और भविष्य में द्विपक्षीय रिश्तों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों को दीर्घकालिक और रणनीतिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान सीमा पर शांति और स्थिरता को भारत-चीन संबंधों के भविष्य के लिए अहम बताया। दोनों पक्षों ने सीमा से जुड़े मौजूदा समझौतों और व्यवस्थाओं का पालन करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
गौरतलब है कि ब्रिक्स समिट के दौरान हुई 40 मिनट की बैठक में दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत और चीन को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मतभेद विवादों में न बदलें।
