Congress PM Face: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग की थी। उनके इस बयान का राबर्ट वाड्रा ने भी समर्थन किया था और अब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी ने भी कुछ-कुछ ऐसा ही कहा है। हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने इस मसले को कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों के भीतर ही प्रधानमंत्री बनने की क्वालिटी हैं।
'सुलझी हुई नेता हैं प्रियंका गांधी'
जेएमएम प्रवक्ता मनोज पांडे ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में प्रियंका गांधी को एक सुलझी हुई नेता बताया। उन्होंने कहा, ''यह कांग्रेस का आंतरिक मुद्दा है। प्रियंका गांधी एक सुलझी हुई नेता हैं... उनमें राजनीति में आवश्यक सभी गुण हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों प्रधानमंत्री पद के योग्य हैं..."
'राहुल ने खोया कांग्रेस नेताओं का समर्थन'
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस में आंतरिक कलह है और उन्होंने पार्टी नेता की टिप्पणी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, जो लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं, ने लोगों और पार्टी सदस्यों का समर्थन खो दिया है।
पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें अब राहुल गांधी पर कोई भरोसा नहीं है। 'राहुल हटाओ प्रियंका गांधी लाओ'। अब वह प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में काम करना चाहते हैं। रॉबर्ट वाड्रा ने खुद इसका समर्थन किया है। इसका मतलब है कि राहुल गांधी ने न केवल सार्वजनिक वोट खो दिया है; उनके सहयोगियों ने उन्हें खारिज कर दिया, और अब ऐसा लगता है कि जनपथ में भी समस्या है। राहुल गांधी के पास न तो 'जनमत' है, न 'संगत' है और न ही 'जनपथ' से समर्थन है।"
हालांकि, बाद में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपने वक्तव्य को लेकर सफाई दी और कहा कि राहुल गांधी न केवल कांग्रेस के नेता हैं, बल्कि प्रियंका गांधी के भी नेता हैं।
