देश

'मोदी वॉशिंग पाउडर के साथ वापस आई मशीन...', AAP के 7 सांसदों के BJP में शामिल होने पर जयराम रमेश ने कसा तंज

Operation Lotus: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को भाजपा पर 'वॉशिंग मशीन' वाला तंज कसा। जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा की वॉशिंग मशीन फिर चालू हो गई।

Image

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (फाइल फोटो)

Operation Lotus: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को भाजपा पर 'वॉशिंग मशीन' वाला तंज कसा। जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा की वॉशिंग मशीन फिर चालू हो गई। उनकी यह टिप्पणी ऐसे मौके पर आई जब आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो गए।

जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा की वॉशिंग मशीन, मोदी वॉशिंग पाउडर के साथ वापस आ गई, जो लोग खुद को ईमानदारी, नौतिकता और विचारधारा का प्रतीत बताते थे, वे आज पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं।'' उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा और उनके साथ भाजपा का हाथ थामने वाले अन्य छह सांसद अब पूरी तरह उजागर हो चुके हैं।

अधीर रंजन ने भी साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा ने राघव चड्ढा को अपने खेमे में ले लिया। उन्होंने भाजपा पर शिकार की राजनीति करने का आरोप लगाया। अधीर रंजन ने कहा, ''जब ममता बनर्जी को लगता है कि नतीजे खतरे में हैं, तब वह भी मैदान में उतरती हैं और अपनी एजेंसी I-PAC का इस्तेमाल करती हैं। भाजपा भी यही राजनीति करती है। आज की राजनीति में यही न्यू नॉर्मल है।''

AAP को लगा बड़ा झटका

आम आदमी पार्टी (AAP) को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक समेत पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। राघव चड्ढा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से भटक गई है।

सात सांसदों के समूह में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं। इन सांसदों के इस्तीफे की जानकारी मध्य दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जल्दबाजी में बुलाई गई प्रेसवार्ता में दी गई, जिसके कारण कई लोग आश्चर्यचकित रह गए।

भाजपा में शामिल हुए चड्ढा

इसके बाद, राघव चड्ढा ने शुक्रवार की शाम भाजपा मुख्यालय जाकर सत्तारूढ़ दल की सदस्यता ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने खुद राघव चड्ढा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने भी भाजपा ज्वाइन की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article