Vijay Kumar Malhotra passes away- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। दिल्ली बीजेपी ने एक बयान में कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। 94 वर्षीय विजय मल्होत्रा, भाजपा की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष थे। पार्टी ने उनके निधन पर शोक जताया है। कुछ दिन से उनका AIIMS में इलाज चल रहा था और आज प्रातः लगभग 6 बजे उनकी जीवन यात्रा समाप्त हुई।
पीएम मोदी ने जताया निधन पर शोक
पीएम मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
सादगी और जनसेवा की मिसाल था जीवन
संयोग से विजय मल्होत्रा का निधन दिल्ली भाजपा को डीडीयू मार्ग पर एक स्थायी कार्यालय मिलने के एक दिन बाद हुआ, जिसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। पार्टी के बयान में कहा गया है कि मल्होत्रा का जीवन सादगी और जनसेवा की मिसाल था और उन्होंने दिल्ली में जनसंघ के विस्तार के लिए बहुत काम किया।
जनसंघ के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक थे
दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे विजय मल्होत्रा राजधानी दिल्ली में बीजेपी और उसके पूर्ववर्ती जनसंघ के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक थे। वे बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष भी थे। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी ने एक बयान में कहा, मल्होत्रा का जीवन सादगी और जनसेवा की मिसाल था और उन्होंने दिल्ली में जनसंघ के विस्तार के लिए बहुत काम किया।
1999 लोकसभा चुनाव में मनमोहन को हराया था
मल्होत्रा के राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव 1999 के लोकसभा चुनाव में उनकी जीत थी, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बड़े अंतर से हराया था। 2004 के आम चुनावों में वे दिल्ली में संसदीय सीट जीतने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार थे, जबकि कांग्रेस ने शेष छह सीटों पर जीत हासिल की थी। मल्होत्रा चार दशकों से भी अधिक समय तक दिल्ली की राजनीति में एक प्रमुख व्यक्ति रहे और शहर में पार्टी का आधार बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही।
