देश

मल्लिकार्जुन खड़गे की किस टिप्पणी पर मचा बवाल? 'कांग्रेस ने खो दिया राजनीतिक पार्टी होने का अधिकार', जानें सारा विवाद

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 7, 2024, 05:23 PM IST

Lok Sabha Election: भाजपा ने मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के बाद ये दावा किया है कि कांग्रेस ने राजनीतिक पार्टी बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। ये विवाद खड़गे के एक बयान के बाद से शुरू हुआ। एक्स पर शेयर हो रहे एक वीडियो में उन्होंने ऐसा क्या कहा, इस रिपोर्ट में जानिए।

Image

मल्लिकार्जुन खड़गे ने 370 पर क्या कहा, जिसे भाजपा ने बनाया मुद्दा?

Photo : Times Now Digital

BJP Vs Congress On Article 370: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एक टिप्पणी के बाद सियासत में उबाल आ गया है। चुनावी मौसम में भारतीय जनता पार्टी ने खड़गे के बयान को बड़ा मुद्दा बना दिया है। भाजपा ने ये तक कह दिया कि कांग्रेस ने राजनीतिक पार्टी बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। भाजपा ने रविवार को कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त करने को लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने राजनीतिक पार्टी बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है।

कश्मीर के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान में कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से क्या फर्क पड़ता है। यदि कोई पार्टी यह कहे कश्मीर के इंटीग्रेशन से किसी दूसरे राज्य में क्या फर्क पड़ता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति हमें जो शपथ दिलाई जाती है, उसके प्रति आपके मन में श्रद्धा नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां हमारी और उनकी सोच में अंतर दिखाता है।

'कांग्रेस ने खो दिया राष्ट्रीय दल का दर्जा या अधिकार'

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अनुच्छेद 370 पर खड़गे की टिप्पणी के बाद कांग्रेस, ‘जिसने राष्ट्रीय दल का दर्जा या अधिकार लगभग खो दिया है, अब नैतिक दृष्टिकोण से राजनीतिक दल होने का भी अधिकार खो चुकी है’। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब खुद को ‘क्षेत्रीय ताकतों का समूह’ कह सकती है।

सुधांशु ने कहा कि हमारे संस्थापक सदस्य व बंगाल के सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी कश्मीर में जाकर भारत की एकता और अखंडता के लिए प्राण देते हैं। हम नारा देते हैं, जहां बलिदान हुए मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है।

खड़गे की टिप्पणी को अमित शाह ने बताया शर्मनाक

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को खड़गे की टिप्पणी को ‘शर्मनाक’ करार देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस को यह भी याद दिलाया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इस पर हर राज्य और नागरिक का अधिकार है, जैसे जम्मू-कश्मीर के लोगों का देश के बाकी हिस्सों पर अधिकार है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के किस बयान पर छिड़ा है संग्राम?

अमित शाह और जेपी नड्डा सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं ने ‘एक्स’ पर खड़गे के भाषण की एक क्लिप साझा की, जिसमें उन्हें राजस्थान में अनुच्छेद 370 को हटाने के बारे में बात करने की वजह से सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए सुना जा सकता है। क्लिप में खड़गे यह कहते सुने जाते हैं, ‘अरे भाई, यहां के लोगों से (इसका) क्या वास्ता है?’ कांग्रेस प्रमुख ने अनुच्छेद 370 की जगह अनुच्छेद 371 का गलत उल्लेख भी किया।

जम्मू-कश्मीर को विशेष अधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 को अगस्त 2019 में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने निरस्त कर दिया था। भाजपा ने आगे कहा कि मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आप हमास के समर्थन में प्रस्ताव पारित करते हैं। इस्राइल-हमास युद्ध में फिलस्तीन के मुद्दे पर भारत सरकार द्वारा अपना रुख स्पष्ट कर दिए जाने के बाद भी कांग्रेस द्वारा हमास के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया गया।

सुधांशु ने कहा कि प्रियंका गांधी इस मुद्दे पर ट्वीट करती हैं, वहीं सोनिया गांधी लेख लिखती हैं। केरल में हमास के पक्ष में रैलियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बहुत साफ रणनीति है। कांग्रेस भारत को क्षेत्र, भाषा, जाति और राज्य के आधार पर बांटना चाहती है और हमास के लिए देश से परे कुछ शक्तियों के साथ संपर्क स्थापित करना चाहती है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article