देश

नीतीश से पहले नितिन नवीन का इस्तीफा, MLA सीट की खाली; लिखा- बिहार की जनता के साथ मेरा अटूट संबंध बना रहेगा

बिहार के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने इस्तीफा दे दिया है। भाजपा नेता नितिन नवीन कुछ महीने पहले ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुने जा चुके हैं, कार्यकाल भी संभाल चुके हैं। जिसके बाद अब उन्होंने विधायकी पद से इस्तीफा दे दिया है।

Image

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

बिहार में राजनीतिक अटकलों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में पटना के बांकीपुर सीट से विधायक चुने गए थे। उसके कुछ दिन बाद उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली थी, जिसके बाद अब उन्होंने विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन का यह इस्तीफा सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले आया है। नीतीश कुमार ने अभी तक न तो एमएलसी पद छोड़ा है न ही सीएम पद, जबकि वो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार नीतीश कुमार आज एमएलसी पद छोड़ देंगे।

नितिन नवीन ने अपने इस्तीफा पत्र में क्या-क्या लिखा

नितिन नवीन ने अपने इस्तीफा पत्र में जनता का आभार करते हुए लिखा- "जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और दिनांक 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। पिछले 20 वर्षों में पिताजी, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।"

नई भूमिका के माध्यम से करेंगे विकास- नितिन नवीन

नितिन नवीन ने आगे लिखा- "आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं। पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।"

नीतीश कुमार कब देंगे इस्तीफा?

इस माह की शुरुआत में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को राज्य विधान परिषद (एमएलसी) की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। जनता दल (यूनाइटेड) सूत्रों ने यह जानकारी दी। जद(यू) राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमार 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे और पार्टी सूत्रों के अनुसार एमएलसी की सदस्यता छोड़ने के लिए निर्धारित 14 दिन की अवधि सोमवार को समाप्त हो रही है। जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पिछले सप्ताह यहां संवाददाताओं से कहा था, "संविधान में यह प्रावधान है कि 14 दिन के भीतर इस्तीफा देना चाहिए। उसी के अनुसार चीजें होंगी।" हालांकि, झा ने इस सवाल को टाल दिया कि 75 वर्षीय जद(यू) प्रमुख मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देने जा रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article