BJP MLA Byrathi Basavaraj Arrested: कर्नाटक के भाजपा विधायक बिरथी बसवराज को गुरुवार को उस वक्त डबल झटका लगा जब सुप्रीम कोर्ट से पहले उनकी याचिका खारिज हो गई और फिर गिरफ्तारी भी हो गई।
एयरपोर्ट से भाजपा विधायक की हुई गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भाजपा विधायक बसवराज को गुरुवार को बेंगलुरू के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी एक मर्डर केस के सिलसिले में हुई है। पुलिस की एक टीम अहमदाबाद से बेंगलुरू की यात्रा कर रहे भाजपा विधायक बसवराज का टर्मिनल-1 पर इंतजार कर रही थी, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
HC ने भी अग्रिम जमानत देने से किया था इनकार
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, के.आर.पुरम के विधायक की गिरफ्तारी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी उस याचिका पर सुनवाई से इनकार करने के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें उन्होंने कर्नाटक हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी। दरअसल, कर्नाटक हाई कोर्ट ने भाजपा विधायक बसवराज को एक हिस्ट्रीशीटर से रियल एस्टेट एजेंट बने व्यक्ति की हत्या के मामले में अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।
किस मामले में हुई गिरफ्तारी?
भाजपा विधायक बसवराव को पुलिस ने 15 जुलाई, 2025 को बेंगलुरू के भारती नगर में हुई एक हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। बता दें कि 40 वर्षीय शिवप्रकाश उर्फ बिकलू शिवू की कुछ हमलावरों ने उसकी मां के सामने हत्या कर दी थी।
मामले की छानबीन के दौरान, पुलिस ने पूर्व मंत्री बसवराज की कथित भूमिका की जांच शुरू की, जिनका नाम FIR में 5वें आरोपी के तौर पर दर्ज है। बकौल पुलि, हमलवार एक कार में आए थे और शिवप्रकाश की मां के सामने ही उसकी हत्या कर दी।
शिवप्रकाश की मां विजयलक्ष्मी ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने आठ से नौ लोगों को अपने बेटे पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला करते हुए देखा। जब उसके दोस्त ने बीच बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी लोह की रॉड से मारा।
