देश

PM मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

PM Modi: पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी समीर रंजन को पुलिस ने शुक्रवार को भागलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंटू चौधरी को भी गिरफ्तार किया। मंटू को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए इसलिए जरूरी था, क्योंकि समीर रंजन ने जिस मोबाइल फोन से प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी दी थी, वह नंबर मंटू चौधरी का ही था।

Image

PM मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार

Photo : ANI

PM Modi: बिहार दौरे के बीच प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी समीर रंजन को पुलिस ने शुक्रवार को भागलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने 29 मई को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के एक अधिकारी को वाट्सएप पर मैसेज किया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मैसेज को गंभीरता से लेते हुए एनआईए, आईबी और गृह मंत्रालय ने तफ्तीश की। तफ्तीश के क्रम में भागलपुर पुलिस से भी संपर्क किया गया। इसके बाद आरोपी समीर रंजन को गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद पुलिस ने मंटू चौधरी को भी गिरफ्तार किया। मंटू को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए इसलिए जरूरी था, क्योंकि समीर रंजन ने जिस मोबाइल फोन से प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी दी थी, वह नंबर मंटू चौधरी का ही था। इसके बाद पुलिस मंटू चौधरी तक पहुंची, तो उसने भी पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए। मंटू चौधरी ने बताया कि वह तो पढ़ा-लिखा भी नहीं है। बमुश्किल 10वीं पास है। ऐसी स्थिति में वह भला ऐसा कृत्य कैसे कर सकता है। उसने आरोप लगाया कि समीर रंजन ने फर्जी तरीके से उसके नाम पर सिम कार्ड लिया और ऐसा काम किया, ताकि उसे फंसाया जा सके। इस मामले में उसकी कोई भूमिका नहीं है।

समीर रंजन के बारे में कई जानकारियां आई सामने

पुलिस ने अपनी सक्रियता के बलबूते महज चार घंटे के अंदर आरोपी समीर रंजन को गिरफ्तार कर इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली। इस बीच, आरोपी समीर रंजन के बारे में कई जानकारियां भी सामने आई हैं। बताया गया है कि उसने बीसीए किया हुआ है। कोविड-19 के दौर से पहले वह नौकरी करता था। लेकिन, बाद में उसकी नौकरी छूट गई। इसके बाद उसे कहीं पर भी ढंग की नौकरी नहीं मिली। नौकरी में स्थिरता नहीं होने की वजह से वह मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। 29 मई को वह पटना पहुंचे थे, जहां उन्होंने रोड शो किया था। आज बिहार में उनका रोहतास के बिक्रमगंज में कार्यक्रम है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article