PM Modi on Bihar Victory: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत (Bihar Assembly Election Result) के बाद दिल्ली बीजेपी हेडक्वार्टर में शानदार जश्न मनाया गया। वहां पीएम मोदी भी इस समारोह में पहुंचे और लोगों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने भाषण के दौरान कहा-'हो सकता है कांग्रेस का एक और विभाजन हो जाए...' पीएम मोदी के इस बयान के मायने निकाले जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि कांग्रेस के पास देश के लिए कोई पॉज़िटिव विजन नहीं है। सच्चाई यह है कि आज कांग्रेस 'मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस', यानी MMC बन गई है। कांग्रेस का पूरा एजेंडा इसी पर चलता है, इसलिए कांग्रेस के भीतर भी अब एक नया धड़ा पैदा हो रहा है, जो इस नकारात्मक राजनीति से असहज है। कांग्रेस के नामदार जिस रास्ते पर पार्टी को लेकर चल रहे हैं, उसके प्रति घोर निराशा और घोर नाराजगी अंदर ही अंदर पनप रही है। मुझे आशंका है- हो सकता है, आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो।
'इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी'
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के विकास में, बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया।इन लोगों ने न बिहार के गौरवशाली अतीत का सम्मान किया और न ही यहां की परंपरा और संस्कृति का आदर किया। सोचिए, जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वो लोग बिहार की परंपरा का कितना सम्मान करते होंगे। इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी। और बिहार के लोग ये कभी नहीं भूलेंगे।
'बिहार ने बंगाल में बीजेपी की विजय का रास्ता बना दिया है...'
पीएम मोदी ने कहा कि गंगा जी बिहार से बहकर बंगाल तक पहुंचती है, बिहार ने बंगाल में बीजेपी की विजय का रास्ता बना दिया है। बीजेपी पश्चिम बंगाल से भी जंगल राज उखाड़ फेंकेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 साल में बिहार तेज गति से बढ़ेगा, नए उद्योग लगेंगे, निवेश आयेगा, पर्यटन बढ़ेगा, तीर्थों का, ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प होगा।
'बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया'
बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की पूरी जनता ने बता दिया- फिर एक बार एनडीए सरकार। इस दौरान उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर को नमन किया। उन्होंने कहा कि मैंने कर्पूरी ठाकुर जी के गांव से चुनाव अभियान की शुरुआत की।
'इस जीत ने एक नया सकारात्मक MY फॉर्मूला दिया है, जो महिला और यूथ है'
पीएम ने कहा, 'एक पुरानी कहावत है- लोहा लोहे को काटता है। बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला एमवाई फॉर्मूला बनाया था। पर आज की इस जीत ने एक नया सकारात्मक एमवाई फॉर्मूला (MY Formula) दिया है, जो महिला और यूथ है।' उन्होंने कहा कि आज बिहार के देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म और जाति के लोग शामिल हैं। उनकी इच्छा, आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने और सांप्रदायिक एमवाई फॉर्मूले को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
'बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए'
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।
