देश

'पंजाब किसी के आगे नहीं झुकेगा', कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED छापे पर भड़के भगवंत मान

Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED की छापेमारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया।

Image

एक साल में तीसरी बार ED आई, लेकिन कुछ नहीं मिला-सीएम मान

Photo : ANI

Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर राजनीति गरमा गई है। ED ने शनिवार को पंजाब सरकार के मंत्री और विधायक संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले एक साल में यह तीसरी बार है जब ED ने संजीव अरोड़ा के घर पर छापा मारा है।

पंजाब भी किसी राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकेगा-मान

मान ने कहा कि पिछले एक महीने में यह दूसरी कार्रवाई है, लेकिन अब तक जांच एजेंसी को कुछ भी नहीं मिला है। मान ने कहा कि पंजाब किसी भी तरह के दबाव या राजनीतिक चाल के सामने झुकने वाला नहीं है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है। यह वही भूमि है जहां से अन्याय के खिलाफ हमेशा आवाज उठी है।

भगवंत मान ने कहा कि जिस तरह भगत सिंह अंग्रेजों के सामने नहीं झुके, उसी तरह पंजाब भी किसी राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकेगा। इस मामले पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह (Sanjay Singh) ने भी बीजेपी और ED पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि कुछ दिनों तक छापेमारी और खबरों का दौर चलेगा, फिर एजेंसियां वापस चली जाएंगी।

पिछले महीने भी हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी की गई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि पिछले महीने भी ED ने संजीव अरोड़ा, उनके बेटे काव्या अरोड़ा और उनके दो कारोबारी सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में की गई थी। बताया गया था कि यह जांच विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े मामले में चल रही है। फिलहाल ED की ओर से इस ताजा कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, पंजाब की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article