Bengaluru Crime: बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर होटल के कमरे में अपनी दो नाबालिग बेटियों का गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में खुद आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चियों की पहचान 5 साल की शेख ज़हरा और 10 साल की शेख जोया के रूप में हुई है। होटल के सिक्योरिटी मैनेजर ने शाम को कमरे के अंदर दो बच्चों के संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस को तुरंत अलर्ट किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता ने हत्या के बाद खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिवार के सदस्यों और होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही है।
पति को पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध का शक
बेंगलुरु नॉर्थ ईस्ट के डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी इमरान ने पहले अपनी दोनों बेटियों की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद आत्महत्या की कोशिश की। डीसीपी के मुताबिक, मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें इमरान ने पत्नी से वैवाहिक कलह का जिक्र किया है।
उसने यह भी दावा किया है कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था और उसके पास इसके सबूत भी हैं।हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। डीसीपी ने कहा कि नोट में लिखी बातों और हत्या की असल वजह की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन हालात में दोनों बच्चियों की हत्या हुई। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
