Being Human Jewellery Controversy: चंडीगढ़ में 'बीइंग ह्यूमन' ब्रांड के ज्वेलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। चंडीगढ़ की जिला अदालत ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सलमान खान, अलवीरा खान और संबंधित कंपनी 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के निदेशकों समेत अन्य आरोपियों को 5 अक्टूबर को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही कोर्ट ने सभी पक्षों को समन जारी कर लगाए गए आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। यह पूरा विवाद चंडीगढ़ के मनीमाजरा निवासी व्यापारी अरुण गुप्ता की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीइंग ह्यूमन ब्रांड के नाम का इस्तेमाल कर उन्हें ज्वेलरी शोरूम खोलने के लिए राजी किया गया और बाद में उनके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वीडियो कॉल पर दिखा दो अंतिम संस्कार', सोनीपत में बेटियों के इंतजार में पिता ने तोड़ा दम, बोलीं-पापा के पास आने का समय नहीं
शोरूम के इंटीरियर और सेटअप पर ही लगभग 1 करोड़ रुपये हुए खर्च
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, उन्होंने मनीमाजरा के एनएसी इलाके में करीब 3 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी का भव्य शोरूम तैयार किया था। इसके लिए उन्होंने कंपनी के साथ बाकायदा एग्रीमेंट किया और शर्तों के मुताबिक केवल शोरूम के इंटीरियर और सेटअप पर ही लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। इसके अलावा स्टोर में बीइंग ह्यूमन ब्रांड के गहने रखे गए।
5 अक्टूबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
व्यापारी का आरोप है कि कंपनी के करीब 6 जिम्मेदार लोगों ने उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाकर शोरूम खुलवाया, लेकिन शोरूम चालू होने के बाद कंपनी ने किसी तरह का सहयोग नहीं दिया। आरोप है कि जिस मुख्य स्टोर से उन्हें गहनों की सप्लाई होनी थी, वह फरवरी 2020 से ही बंद पड़ा है। नया सामान न मिलने के कारण उनका कारोबार पूरी तरह ठप हो गया और उन्हें करोड़ों रुपये का बड़ा घाटा उठाना पड़ा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी, जहां आरोपियों को अपना पक्ष रखना होगा।
