Bankipur By Election Result: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि "भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और उनके घमंड का बुखार भी उतार दिया।"
अखिलेश यादव ने बांकीपुर के चुनाव परिणाम को सिर्फ एक सीट की हार नहीं, बल्कि जनता के गुस्से का संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि यह नतीजा युवाओं की एकता और उनके अभिभावकों के आक्रोश का संयुक्त परिणाम है। सपा प्रमुख ने भाजपा पर वोट, पेपर, नौकरी, आरक्षण, भ्रष्टाचार, महंगाई और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के साथ अन्याय जैसे मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों पर जवाब दे रही है और यह परिणाम उसी का संकेत है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा के भीतर भी सवाल उठेंगे कि जो अपनी ही विधानसभा सीट नहीं बचा पाए, उनके नेतृत्व में आगे की राजनीतिक लड़ाई कैसे लड़ी जाएगी। उन्होंने बांकीपुर के नतीजे को "डबल इंजन की डबल हार" करार दिया और इसे बदलाव की शुरुआत बताया।
बीजेपी अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वाली सीट भी हार गई: केजरीवाल
प्रशांत किशोर को बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपनी पहली जीत के लिए बधाई दी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए एक और बड़ा झटका बताया और कहा कि मतदाताओं ने अब बदलाव की अपनी इच्छा जाहिर कर दी है। केजरीवाल ने X पर कहा कि बीजेपी अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वाली सीट भी हार गई और किशोर को उनकी जीत पर बधाई दी। केजरीवाल ने लिखा, 'BJP अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी हार गई है। प्रशांत किशोर जी ने बांकीपुर से भारी अंतर से जीत हासिल की है। उन्हें बहुत-बहुत बधाई।'
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को अपनी परंपरागत मानी जाने वाली सीट गंवानी पड़ी। बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर ने बीजेपी के अभेद्द किले को भेदते हुए लगभग 19324 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को हराया।
