देश

राम मंदिर की सुरक्षा होगी अभेद्य! अयोध्या में हाई-लेवल बैठक के बीच ज्वाइंट व डिप्टी CEO का पैनल तैयार, ट्रस्ट की मुहर का इंतजार

Ram Mandir Rules Change: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति की तीन दिवसीय अहम बैठक रविवार से शुरू हो गई है। समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। 15 सितंबर को होने वाली बैठक में ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ और पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र पहली बार शामिल होंगे।

Image

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति की बड़ी बैठक (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Ram Mandir Rules Change: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) में रविवार को निर्माण समिति की तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। बैठक के पहले ही दिन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने परिसर का दौरा किया और चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में बन रहे भव्य स्मारक स्तंभ के काम का जायजा लिया, जो अब पूरा होने के करीब है। इसके साथ ही पुराने अस्थायी मंदिर क्षेत्र में जारी सौंदर्यीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

स्थल का निरीक्षण करने के बाद नृपेंद्र मिश्र ने पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर (PFC) के सभागार में निर्माण एजेंसियों और परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। 13 और 14 सितंबर को आयोजित इन शुरुआती बैठकों में मंदिर निर्माण की प्रगति, तकनीकी बारीकियों और आगामी योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। इस दौरान परिसर के चारों तरफ लगभग चार किलोमीटर लंबी बाहरी सुरक्षा दीवार के निर्माण पर भी प्रमुखता से बातचीत होने की संभावना है।

15 सितंबर को रामकथा संग्रहालय में मुख्य मंथन

बैठक के आखिरी दिन यानी 15 सितंबर को रामकथा संग्रहालय में मुख्य मंथन होगा। इस बैठक की खास बात यह होगी कि इसमें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र पहली बार भाग लेंगे। 62 वर्षीय जितेंद्र मिश्र को ट्रस्ट (Jeetendra Mishra Ram Temple CEO) के प्रशासनिक कामकाज को और अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाने के उद्देश्य से पहला सीईओ नियुक्त किया गया है।

मंदिर की पूजन व्यवस्था में भी कुछ नए नियम लागू

15 सितंबर को दिल्ली से लौटने के बाद नृपेंद्र मिश्र के साथ उनकी पहली औपचारिक बैठक होगी, जिसमें उन्हें मंदिर के प्रशासन, निर्माण कार्य और भावी परियोजनाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, मंदिर की पूजन व्यवस्था में भी कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। जन्माष्टमी के बाद से आरती प्रक्रिया में बदलाव किया गया है, पुजारियों के लिए विशेष पोशाक तय की गई है और गर्भगृह में मोबाइल फोन व बाहरी सामान ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article