Ayodhya ki Diwali 2023: दिवाली की देर शाम प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या दिव्य और भव्य नजर आई। नई-नवेली दुल्हन जैसे रोशनी से जगमग पूरी नगरी में पर्व की छठा देखते बन रही थी। जिसने भी वहां के नजारे देखे, वह मोहित उठा। ऐसा ही कुछ रविवार (12 नवंबर, 2023) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुआ।
उनके सामने जैसे ही अयोध्या की दिवाली की तस्वीरें आईं, वे गदगद हो उठे। मोदी ने न सिर्फ वहां के जश्न से जुड़ी चार तस्वीरें एक्स (टि्वटर) पर शेयर कीं बल्कि इन्हें लेकर अपने मन की बात भी देशवासियों से बयान की।

PM Modi on Ayodhya Diwali
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंड्ल पर लिखा- अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय! लाखों दीयों से जगमग इस नगरी के भव्य दीपोत्सव से सारा देश प्रकाशमान हो रहा है। इससे निकली ऊर्जा संपूर्ण भारतवर्ष में नई उमंग और नए उत्साह का संचार कर रही है।

अयोध्या में सरयू किनारे यूं शानदार आतिशबाजी भी हुई।
पीएम मोदी की ओर से आगे लिखा गया था, "मेरी कामना है कि भगवान श्री राम समस्त देशवासियों का कल्याण करें और मेरे सभी परिवारजनों की प्रेरणाशक्ति बनें। जय सियाराम!"

अयोध्या में दिवाली पर यूं विहंगम नजारा दिखा।
वैसे, इससे पहले उत्तर प्रदेश (यूपी) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबेवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं। यही नहीं, उन्होंने अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद पूजन भी किया। शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने ईश्वर से कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और आरोग्यता लेकर आए।
हालांकि, दिवाली से एक रोज पहले यानी छोटी दिवाली (11 नवंबर, 2023) पर भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में 22 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए थे। ऐसा कर के वहां एक जगह पर सबसे ज्यादा दीप (22.23 लाख दीप) जलाने का विश्व कीर्तिमान (‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के मुताबिक) रचा गया था। वैसे, पिछले वर्ष 2022 में प्रज्वलित 15.76 लाख दीपों से इस बार यह संख्या लगभग छह लाख 47 हजार अधिक रही।
