Jairam Ramesh: देश में इन दिनों महंगाई का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर जनता की पूरी तरह अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के जरूरी मुद्दों (Rising Inflation) से ध्यान भटका रही है और देश का आम नागरिक आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
अपने एक तीखे बयान में जयराम रमेश ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों और मजदूरों के अधिकारों पर लगातार चोट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जहां आम जनता के हक को छीना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ भ्रष्टाचार का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता के मुताबिक, भाजपा की राजनीति में न तो गरीबों के प्रति कोई संवेदना बची है और न ही जनता की परेशानियों की कोई फिक्र है।
सोशल मीडिया पोस्ट में जयराम रमेश ने कहा "पहले भगवान श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी, फिर मनरेगा (MGNREGA Scheme) में 100 दिनों के रोजगार के हक पर चोट, और अब VB-G RAM G में फर्जी हाजिरी के जरिए गरीबों पर सरकारी लूट का खेल! नाम राम का, वार गरीब पर और लूट रोजगार के हक की! यह महज भ्रष्टाचार नहीं, आस्था के नाम पर भरोसे और रोजगार के नाम पर गरीबों के अधिकारों की लूट है। भाजपा की राजनीति में न भगवान श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा दिखाई देती है, न गरीब के प्रति संवेदना। भगवान श्रीराम का नाम लेकर सत्ता की राजनीति और गरीब के हक पर वार, यही भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'वकीलों को सड़कों पर घसीटा, बच्चों पर लाठियां', पुलिस पर आरोपों से SC में गरमाया मामला, जानें CJI ने सुनवाई में क्या कहा?
बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को घेरा
महंगाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने बताया कि सितंबर महीने में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है, जो पिछले 23 महीनों में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा, खाद्य महंगाई भी बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई है। इसकी वजह से आम आदमी की रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली लगभग हर जरूरी चीज की कीमत आसमान छू रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार ही प्याज की कीमतों में 108 प्रतिशत, लहसुन में 55 प्रतिशत, अदरक में 63 प्रतिशत और नींबू के दाम में 36 प्रतिशत तक का बड़ा इजाफा हुआ है।
देश पर कर्ज का बोझ बढ़ने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि महंगाई का असर अब केवल खाने-पीने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर परिवहन, शिक्षा, कपड़े और घरेलू सामानों पर भी साफ दिखने लगा है। गरीब आदमी की थाली से निवाला और मध्यम वर्ग की गाढ़ी कमाई लगातार गायब हो रही है, जबकि देश पर कर्ज का बोझ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 'अच्छे दिन' का वादा करके सत्ता में आई यह सरकार अब 'वोट चोरी' के साथ-साथ आम जनता की 'बचत चोरी' भी कर रही है। कुल मिलाकर यह साफ है कि आने वाले दिनों में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर राजनीतिक पारा और ज्यादा चढ़ने वाला है।
