Delhi Police: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी सोशल मीडिया हैंडल ने भारत विरोधी माहौल तैयार करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी थी। दिल्ली पुलिस की ऐसे हैंडल पर करीबी नजर थी। इन्हीं पर कार्रवाई के तहत दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने कई FIR दर्ज की है। पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ झूठे नैरेटिव प्रसारित करने को लेकर मामला दर्ज किया है।
देश का माहौल खराब करने की कोशिश
पुलिस ने देश का माहौल खराब करने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार से भारत विरोधी माहौल फैलाया जा रहा है। पुलिस ने कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स को डीएक्टिवेट करवाया है। विरोध-प्रदर्शनों के दौरान भारत के खिलाफ झूठा नैरेटिव और अफवाह फैलाई जा रही थी। 10 अक्टूबर को पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर कई लोगों की प्रदर्शन में मौत की झूठी खबर पोस्ट की गई थी।
प्रदर्शन को लेकर कई FIR दर्ज
दिल्ली में 12 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन को लेकर कई FIR दर्ज की गई है। ये FIR BNSS की धारा 163 के उल्लंघन पर और अन्य सेक्शन में दर्ज की गई है। दो FIR तिलक मार्ग थाने में दर्ज हुई है, जबकि एक मंदिर मार्ग थाने में और एक एफआईआर बाराखम्भा थाने में दर्ज हुई है। कुल 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था के उल्लंघन के मामले में सख्त कदम उठाते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। विपक्षी दलों को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने के लिए प्रशासन द्वारा विधिवत अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद, नेता और कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़ने के लिए सड़कों पर उतर आए थे, इसी को लेकर पुलिस ने एक्शन लिया है।
मिनी ट्रक से बैरिकेड तोड़ने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों और नेताओं को एक मिनी ट्रक पर सवार देखा गया। पुलिस के अनुसार, इस मिनी ट्रक का इस्तेमाल करके रास्ते में लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स को जबरन तोड़ा गया, जिससे केंद्रीय दिल्ली के कई इलाकों में अफरातफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था गंभीर रूप से बाधित हुई।
