डरबन में दक्षिण अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने गेंद से नहीं बल्कि बल्ले से एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है कि सब देखते रह गए। उन्होंने 26 साल पुराना कौन सा विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त किया है, यहां आपको बताएंगे।
मेजबान दक्षिण अफ्रीका और मेहमान ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन के किंग्समीड मैदान पर दुनिया को दो सबसे शानदार टेस्ट टीमों के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच चल रहा है। इस मैच में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी करने उतरा और उसने अपनी पहली पारी में मैट रेनशॉ की 190 रनों की ऐतिहासिक पारी के दम पर 390 रन बनाए।
जब मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी पहली पारी में बैटिंग करने उतरी तो उसका कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक भी नहीं पहुंच सका। डेविड बेडिंघम ने सर्वाधिक 49 रनों की पारी खेली। नतीजतन पूरी टीम 284 रन पर ऑल-आउट हो गई। इस दौरान पैट कमिंस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के 3 विकेट चटकाए।
जब ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी तो उसके शुरुआती चार बल्लेबाज कुछ ज्यादा खास नहीं कर पाए, लेकिन पहली पारी में 190 रन बनाने वाले मैट रेनशॉ यहां भी चमके। उन्होंने लय बरकरार रखते हुए इस बार 99 गेंदों में 82 रनों की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया की पारी के अंत में दो शानदार पार्टनरशिप देखने को मिलीं। छठे विकेट के लिए ब्यू वेबस्टर और मैट रेनशॉ के बीच 65 रनों की साझेदारी हुई। जबकि सातवें विकेट के लिए वेबस्टर और कप्तान कमिंस ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रनों की अटूट पार्टनरशिप की, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 314/6 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी।
दूसरी पारी के अंत में जब वेब्सटर के साथ कमिंस बल्लेबाजी करने उतरे तो उन्होंने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और ताबड़तोड़ शॉट्स खेलना शुरू कर दिए मानो टी20 खेल रहे हों। कमिंस ने 4 छक्के लगाते हुए कुल 12 गेंदों में नाबाद 32 रनों की बेहतरीन पारी खेल डाली। इसके साथ ही विदेशी जमीन पर किसी टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ 30+ रन बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड कमिंस ने अपने नाम कर लिया है।
पैट कमिंस ने इसी के साथ 28 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ये रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी निक्सन मैक्लीन के नाम दर्ज था और पिछले 28 सालों से इस रिकॉर्ड को कोई भी तोड़ने में सफल नहीं हो पाया था।
अंतिम पारी में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 421 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया। मैच का चौथा दिन खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका अंतिम पारी में कुल 109 रन पर अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। अंतिम दिन उनको जीत के लिए 312 रन बनाने होंगे, जबकि ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 6 विकेट की जरूरत है।