AXIOM-4 Mission: एक्सिओम-4 मिशन बुधवार को अपनी ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हो गया। नासा, स्पेसएक्स और एक्सिओम स्पेस का यह संयुक्त अभियान फ्लोरिडा स्थित नासा के केनेडी स्पेस सेंटर से दिन के 12 बजकर एक मिनट पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हुआ। यह मिशन भारत के लिए भी बहुत खास है क्योंकि आईएसएस जाने वाले चार अंतरिक्ष यात्रियों में भारत के शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं जो कि स्पेसक्रॉफ्ट के पायलट की भूमिका में हैं। उनका यह अनुभव भारत के गगनयान मिशन में भी बहुत काम आएगा। शुभांशु शुक्ला भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन हैं। एक्सिओम-4 मिशन के रवाना होते ही भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के माता-पिता और रिश्तेदार भावुक हो गए।
ये खुशी के आंसू हैं: आशा शुक्ला
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा कि हम खुश हैं। मां आशा शुक्ला ने कहा कि सब खुश हैं। ये खुशी के आंसू हैं...।
मैं आप सभी का आभारी हूं: शुभांशु शुक्ला

Shubhanshu Shukla
बता दें, शुभांशु शुक्ला ने भी रवाना होने से पहले Instagram पर अपनी फैमिली, दोस्त और सपोर्टर्स को लेकर एक इमोशनल पोस्ट लिखी। शुभांशु शुक्ला ने लिखा कि जैसा कि हम 25 जून की सुबह इस ग्रह को छोड़ने की योजना बना रहे हैं, मैं इस मिशन में शामिल सभी लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और साथ ही घर पर सभी लोगों को उनके आशीर्वाद और प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। इस यात्रा में मेरे परिवार और दोस्तों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो मेरे लिए आधार रहे हैं। कभी-कभी आपके करीबी लोग ऐसे त्याग करते हैं, जिनके बारे में आपको पूरी तरह से पता भी नहीं होता, लेकिन वे आपके प्रति अपने प्यार के कारण ऐसा करते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी को एक बेहतरीन साथी बताते हुए विशेष धन्यवाद। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आपके बिना यह सब संभव नहीं था, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इनमें से कुछ भी मायने नहीं रखता। कोई भी व्यक्ति अकेले अंतरिक्ष की यात्रा नहीं करता.. हम ऐसा कई लोगों के कंधों पर करते हैं। मैं आप सभी का आभारी हूं। धन्यवाद।
