Priyanka Gandhi Vadra: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते और गंभीर होते अपराधों को लेकर गहरी चिंता जताते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से सवाल पूछा है। अपने वायनाड दौरे के दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध न केवल बढ़ रहे हैं, बल्कि अब वे पहले से कहीं अधिक हिंसक और बर्बर रूप ले चुके हैं।
उन्होंने कहा, अगर हम अपनी सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में बात करने का कोई औचित्य नहीं है। चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकारें, सभी को इस बात पर गंभीरता से विचार करना होगा कि महिलाएं सड़कों पर खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करें। वायनाड में अपनी योजनाओं के बारे में बताते हुए, कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह एक लंबी यात्रा है, इसलिए वह अधिक से अधिक लोगों से मिलना चाहती हैं और उनकी समस्याओं को गहराई से समझना चाहती हैं ताकि वह उचित कार्रवाई कर सकें।
जमुई और दिल्ली के मामलों ने देश को झकझोरा
प्रियंका गांधी का यह बयान बिहार के जमुई और राजधानी दिल्ली में सामने आईं छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न की भयावह घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है। बिहार के जमुई में छात्रा से दरिंदगी हुई है और वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि उसके साथ क्या हुआ। 19 सितंबर की शाम जमुई में कोचिंग पढ़कर लौट रहे 10वीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र-छात्राओं को 6-7 युवकों ने रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा को सरेराह घेरा, उसके साथ छेड़छाड़ व धक्का-मुक्की की और घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती नजर आई, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत FIR दर्ज की। मामले की जांच के लिए महिला अधिकारी के नेतृत्व में SIT गठित की गई है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रमुख आरोपी नंदन यादव मुठभेड़ में घायल हुआ है।
दिल्ली के कालकाजी (आस्था कुंज पार्क) में नाबालिग से गैंगरेप
ये घटना 21 सितंबर की शाम साढ़े 7 बजे दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क की है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग लड़की और उसके दोस्त को 3 लोगों ने घेर लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर आरोपियों ने लड़की को डराया और उसके दोस्त को बंधक बनाकर एक सुनसान जगह पर ले जाकर लड़की के साथ गैंगरेप किया। दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक मुख्य आरोपी आसिफ को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया, बाद में बाकी दो आरोपी भी गिरफ्तार में आ गए।
राजनीतिक बयानबाजी और महिला सुरक्षा पर सवाल
इन हालिया घटनाओं ने देश भर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष ने सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि केवल बड़े-बड़े दावों और नारों से धरातल पर महिलाओं की स्थिति नहीं बदलेगी; इसके लिए कड़े कानूनी कदम और सुरक्षित माहौल तैयार करने की सख्त जरूरत है।
