देश

ED की रेड के बाद आज गिरफ्तार कर लिए जाएंगे अरविंद केजरीवाल, आप मंत्रियों ने किया दावा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 4, 2024, 06:47 AM IST

Arvind Kejriewal: कथित शराब घोटाले के संबंध में तीसरी बार केजरीवाल द्वारा ईडी के समन को नजरअंदाज करने के बाद देर रात आप मंत्रियों के दावे सामने आए हैं।

Image

अरविंद केजरीवाल

Photo : PTI

Arvind Kejriewal: प्रवर्तन निदेशालय के समन पर तीसरी बार भी पेश नहीं हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर आप सरकार के मंत्रियों ने बड़ा दावा किया। दिल्ली के मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने बुधवार देर रात दावा किया कि उनके पास सूचना है कि ईडी गुरुवार सुबह केजरीवाल के आवास पर छापा मारेगी और फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

आतिशी ने बुधवार रात 11.50 बजे ट्वीट किया, खबर आ रही है कि ईडी गुरुवार सुबह अरविंद केजरीवाल के आवास पर छापा मारने जा रही है। गिरफ्तारी की संभावना है। इसके दो मिनट बाद दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने हिंदी में वही बात पोस्ट की, पता चला कि ईडी कल सुबह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचेगी और उन्हें गिरफ्तार करने की संभावना है।

बीजेपी ने बोला हमला

कथित शराब घोटाले के संबंध में तीसरी बार केजरीवाल द्वारा ईडी के समन को नजरअंदाज करने के बाद देर रात आप मंत्रियों के दावे सामने आए हैं। इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। बीजेपी ने ट्वीट किया, अरविंद केजरीवाल किससे डर रहे हैं? क्या उन्होंने मनीष सिसौदिया और संजय सिंह को छोड़ दिया है, जो शराब उत्पाद शुल्क घोटाले में जेल में हैं। केजरीवाल को ईडी के समन से बचने के बजाय, आई.एन.डी.आई. गठबंधन के नेताओं से भ्रष्टाचार के बारे में सबक लेना चाहिए। उनके अनुभव से खुद को समृद्ध करें। बीजेपी नेताओं ने पूछा कि अगर उन्हें ईडी का समन अवैध लगता है तो वह अदालत का रुख क्यों नहीं कर रहे हैं।

तीनों बार ईडी के सामने पेश नहीं हुए केजरीवाल

दिवाली से पहले दिल्ली में प्रशासनिक जिम्मेदारियों और मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार का हवाला देते हुए केजरीवाल 2 नवंबर को पहले समन में शामिल नहीं हुए। अगला समन 21 दिसंबर को था और केजरीवाल एक दिन पहले ही अपनी विपश्यना के लिए निकल गए। 3 दिसंबर को, केजरीवाल ने ईडी को लिखा कि वह राज्यसभा चुनाव में व्यस्त हैं और अगर वे प्रश्नावली भेजते हैं तो वह उसका जवाब देने के लिए तैयार हैं। केजरीवाल ने कहा कि एजेंसी ने उनके पहले के पत्रों का जवाब नहीं दिया जिसमें उन्होंने इस बारे में जानना चाहा था कि उन्हें क्यों बुलाया जा रहा है।

आप ने कहा, जनता नहीं चाहती केजरीवाल इस्तीफा दें

केजरीवाल ने ईडी के समन के अपने नए जवाब में लिखा, "दिल्ली का मुख्यमंत्री होने के नाते मैं गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी 2024 के लिए कई कार्यक्रमों और समारोहों की योजना और तैयारियों में काफी व्यस्त हूं।" मैं भी केजरीवाल अभियान का दूसरा चरण गुरुवार को शुरू होगा, जब पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में 24 लाख घरों तक पहुंच कर फीडबैक लेगी कि क्या केजरीवाल को गिरफ्तार होने पर इस्तीफा दे देना चाहिए या क्या उन्हें जेल से सरकार चलाना जारी रखना चाहिए। पार्टी ने कहा कि जनता ने स्पष्ट रूप से कहा है कि केजरीवाल को इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article