Viral Video: तकनीक की दुनिया में रोज नए प्रयोग हो रहे हैं, लेकिन कभी-कभी अति-उत्साह और 'देसी जुगाड़' भारी भी पड़ जाते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला पाकिस्तान (Pakistan) की राजधानी इस्लामाबाद में, जहां एक 'ड्राइवरलेस कार' का लाइव डेमो चल रहा था। सब कुछ ठीक चल रहा था, पत्रकार कार के फीचर्स गिना रहे थे, लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ कि लाइव टेस्ट 'हादसे' में बदल गया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर चटकारे ले रहे हैं।
दरअसल, एबटाबाद के रहने वाले टेक-उत्साही एहसान जफर द्वारा विकसित की गई इस ऑटोमेटेड कार तकनीक का लाइव टेस्ट किया जा रहा था। कार की आगे वाली सीट पर पाकिस्तानी पत्रकार मुहम्मद आलिजाह बैठे थे और कैमरे के सामने बड़े गर्व से बता रहे थे कि कार में कोई ड्राइवर नहीं है-स्टीयरिंग खुद-ब-खुद घूम रहा है, हॉर्न बज रहा है और गाड़ी लेन बदल रही है। कार को इंटरनेट और सैटेलाइट लिंक के जरिए दूर बैठे ऑपरेटर द्वारा कंट्रोल किया जा रहा था। पत्रकार कार के 'टैलेंट' का बखान कर ही रहे थे कि अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इंटरनेट कनेक्शन में आई एक छोटी सी तकनीकी खराबी और कार ऑपरेटर के हाथ से बेकाबू हो गई। कार सीधे सड़क किनारे खड़ी इस्लामाबाद पुलिस की वैन की तरफ तेजी से बढ़ने लगी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संकट भांपते ही पैसेंजर सीट पर बैठे पत्रकार ने आनन-फानन में हैंडब्रेक खींचकर गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार सीधे जाकर पुलिस की गाड़ी में ठोक दी गई। देखें वीडियो...
टेस्टिंग के दौरान बेकाबू हुई कार
हादसे का यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो गया। एक्स पर इस वीडियो को ww3mediaa नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं इस वीडियो पर लोग जमकर चटकारे भी ले रहे हैं। कुछ लोग जहां इस पर मजेदार मीम्स बना रहे हैं और इसे 'पाकिस्तानी टेस्ला का कमाल' बता रहे हैं, वहीं पत्रकार आलिजाह ने इसे एक गंभीर चेतावनी माना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वीडियो को शेयर करने का मकसद किसी इनोवेटर का मजाक उड़ाना नहीं है, बल्कि यह दिखाना है कि इस तरह की अधूरी तकनीक का व्यस्त सड़कों पर बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के परीक्षण करना कितना खतरनाक और जानलेवा हो सकता है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
