Arvind Kejriwal : नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के चुनाव हारने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी थी AAP के संयोजक राज्यसभा जा सकते हैं। अब लुधियाना पश्चिम सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इस बात की अटकल ने जोर पकड़ लिया है। संजीव पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद है। माना जा रहा है कि इस चुनाव में जीत मिलने क बाद वह अपनी इस सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। फिर इस रिक्त हुई सीट से केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जा सकता है।
कौन राज्यसभा जाएगा यह पार्टी तय करती है-सांघवान
इस बीच, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह सांधवान ने कहा है कि केजरीवाल यदि पंजाब से राज्यसभा जाते हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। रिपोर्टों के मुताबिक सांधवान ने कहा कि पार्टी किसे राज्यसभा भेजना चाहती है, यह उसका फैसला होता है, इसमें गलत क्या है? मनमोहन सिंह भी दूसरे राज्य से राज्यसभा गए थे। हालांकि, AAP के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने केजरीवाल के राज्यसभा जाने को खारिज किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अफवाहें फैला रहे हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। राज्यसभा के लिए कौन जाएगा, यह उपचुनाव का नतीजा आने के बाद ही तय होगा।
बता दें कि AAP के पंजाब से कुल सात सांसद संदीप पाठक, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह शामिल हैं। बता दें कि AAP विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद लुधियाना वेस्ट सीट रिक्त हुई है। संजीव अरोड़ा उद्योगपति हैं। वह 2022 में राज्यसभा सांसद बने।
केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे-भारती
हालांकि, आप के नेताओं ने बुधवार को कहा कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर पार्टी के पूरे देश में विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी है और वह पंजाब से राज्यसभा के सदस्य नहीं बनेंगे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल को हाल में संपन्न नई दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवेश वर्मा ने हराया था। वरिष्ठ आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि केजरीवाल पूरे देश में पार्टी के विस्तार के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे क्योंकि उन पर देश में पार्टी के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी है और वह इस पर काम कर रहे हैं।’
केजरीवाल का सपना पूरा नहीं होने देंगे-सिरसा
इस बीच, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि केजरीवाल का राज्यसभा पहुंचने का सपना पूरा नहीं होगा। भाजपा नेता ने एक बयान में कहा, ‘पंजाब से राज्यसभा की सदस्यता पाने का केजरीवाल का सपना पंजाबी कभी पूरा नहीं होने देंगे।’ सिरसा ने लुधियाना पश्चिम के लोगों से अनुरोध किया कि उपचुनाव में संजीव अरोड़ा को हराएं और केजरीवाल के सपने को चकनाचूर कर दें। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सत्ता के भूखे व्यक्ति हैं और इसके बिना नहीं रह सकते। सिरसा ने दावा किया कि पहले वह भगवंत मान को हटाकर पंजाब का मुख्यमंत्री बनना चाहते थे और अब वह राज्य से राज्यसभा पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
