देश

BJP ने पाक-बांग्लादेश के लोगों के लिए दरवाजे खोल दिए हैं, ये देश के लिए खतरनाक...CAA को लेकर केजरीवाल का केंद्र पर निशाना

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 13, 2024, 11:06 AM IST

केजरीवाल ने CAA को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अपना नया वोट बैंक तैयार कर रही है। यहां के बच्चों की नौकरियां दूसरों को दी जाएंगी।

Image

अरविंद केजरीवाल

Photo : ANI

Arvind Kejriwal On CAA: दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने सीएए के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश से आए लोगों के लिए दरवाजे खोल दिए हैं, यह देश के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि देश भर के लोग चाहते हैं कि सीएए वापस लिया जाए। लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ वोट देकर अपना गुस्सा जाहिर करें। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी अपना नया वोट बैंक तैयार कर रही है। यहां के बच्चों की नौकरियां दूसरों को दी जाएंगी।

केजरीवाल ने क्या-क्या कहा

केजरीवाल ने वीडियो संदेश में कहा- यह सीएए क्या है? केंद्र की बीजेपी सरकार का कहना है कि अगर तीन देशों बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक भारतीय नागरिकता लेना चाहेंगे तो उन्हें भी नागरिकता दी जाएगी। इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में अल्पसंख्यकों को हमारे देश में लाया जाएगा। उन्हें नौकरियां दी जाएंगी और उनके लिए घर बनाए जाएंगे। भाजपा हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दे सकती लेकिन वे पाकिस्तान से आए बच्चों को नौकरी देना चाहते हैं। हमारे कई लोग बेघर हैं लेकिन भाजपा पाकिस्तान से आए लोगों को यहां बसाना चाहती है। वे हमारी नौकरियां उनके बच्चों को देना चाहते हैं। वे पाकिस्तानियों को हमारे घरों में बसाना चाहते हैं। भारत सरकार का जो पैसा है, उसका इस्तेमाल हमारे परिवारों और देश के विकास के लिए किया जाना चाहिए। इसका उपयोग पाकिस्तानियों को बसाने के लिए किया जाएगा।

नोटिफिकेशन जारी कर सीएए लागू

बता दें कि केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर सीएए लागू कर दिया है। इसका विपक्षी पार्टियां लगातार विरोध कर रही हैं। कांग्रेस, आप सहित कई पार्टियां सीएए लागू करने के खिलाफ हैं और इसे लेकर लगातार बयानबाजी कर रही हैं। वहीं, केंद्र ने इस फैसले के बाद पोर्टल जारी कर नागरिकता के लिए आवदेन करने का तरीका भी बताया है। केंद्र के फैसले का पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है और केंद्र का आभार जताया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article