Bharat Jodo Yatra: जब राहुल गांधी के सामने ही शादी के लिए पूछ बैठी महिला, बोली- तमिल लड़की से ब्याह कराने को तैयार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2022, 07:39 PM IST

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी।

Bharat Jodo Yatra: जब राहुल गांधी के सामने ही शादी के लिए पूछ बैठी महिला, बोली- तमिल लड़की से ब्याह कराने को तैयार
Photo Credit: Twitter

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस इन दिनों कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। यह यात्रा तमिलनाडु से शुरू होकर, केरल, कर्नाटक होती हुई जम्मू-कश्मीर तक जाएगी।

इसी यात्रा के दौरान तमिलनाडु में एक ऐसी घटना घटी, जिसकी किसी ने भी उम्मीद नहीं की थी। दरअसल हुआ यूं कि इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी मनरेगा वर्करों से मिल रहे थे। इसमें महिला वर्कर भी थीं। इसी दौरान एक महिला राहुल गांधी की शादी की बात छेड़ दी। महिला ने कहा कि वो जानती हैं कि राहुल गांधी तमिलनााडु से कितना प्रेम करते हैं। वो उनकी शादी यहीं करवाना चाहती है।

महिला की इस बात पर राहुल गांधी थोड़े से झेंप गए फिर मुस्कुराने लगे। इस घटना के बारे में जयराम रमेश ने ट्वीट करके जानकारी दी है। जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन का एक मजेदार पल। आज दोपहर मार्थंडम में महिला मनरेगा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में, एक महिला ने कहा कि वे जानती हैं कि राहुल गांधी तमिलनाडु से प्यार करते हैं और वे उनकी एक तमिल लड़की से शादी करने के लिए तैयार हैं!"

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार से केरल में प्रवेश कर गई है। केरल में यह यात्रा 19 दिन चलेगी। यह पदयात्रा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम सहित विभिन्न जिलों से गुजरेगी।  

End of Article