Bharat Jodo Yatra: नफरत-बंटवारे की राजनीति में पिता को खो दिया, अब देश को नहीं खोने दूंगा- भारत जोड़ो यात्रा से पहले राहुल का ट्वीट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2022, 06:58 PM IST

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी बुधवार को श्रीपेरूमबुदूर गए, जहां उनके पिता राजीव गांधी को एक बम ब्लास्ट में उड़ा दिया गया था। यहां बने स्मारक पर राहुल ने अपने पिता को पुष्पांजलि अर्पित की और लगभग 25 मिनट तक स्मारक के सामने बैठे रहे।

Bharat Jodo Yatra: नफरत-बंटवारे की राजनीति में पिता को खो दिया, अब देश को नहीं खोने दूंगा- भारत जोड़ो यात्रा से पहले राहुल का ट्वीट
Photo Credit: Twitter

Bharat Jodo Yatra: कन्याकुमारी से कांग्रेस आज यानि बुधवार (7 सितंबर 2022) को भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत करने वाली है। इस यात्रा को राहुल गांधी लॉन्च करेंगे। इस लॉन्चिंग से पहले उन्होंने एक भावुक भरा ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने कहा कि नफरत की राजनीति ने उनके पिता को शिकार बनाया था, अब देश को इसका शिकार नहीं होने देंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार की सुबह श्रीपेरूमबुदूर में राजीव गांधी स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए। यहीं पर 1991 में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करते समय एक आत्मघाती बम विस्फोट में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। यहां राहुल ने अपने पिता को पुष्पांजलि अर्पित की और लगभग 25 मिनट तक स्मारक के सामने बैठे रहे। उनके साथ डीके शिवकुमार समेत कई कांग्रेसी नेता थे मौजूद थे।

यहीं से निकलने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा- "नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खो दिया। मैं अपने प्यारे देश को भी इसमें नहीं खोऊंगा। प्यार, नफरत को जीत लेगा। आशा, डर को हरा देगी। हम सब मिलकर मात देंगे।"

यहां से निकलने के बाद राहुल गांधी कन्याकुमारी जाएंगे और राष्ट्रव्यापी भारत जोड़ी यात्रा की आधिकारिक शुरुआत करते हुए एक रैली को संबोधित करेंगे। इसे लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा- "इस दिन जब भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगी। यह एक चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है। यह भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह एक नई शुरुआत का प्रतीक है।" 

वहीं इस यात्रा से पहले कांग्रेस पार्टी की महासचिव, प्रियंका गांधी ने जोर देकर कहा कि लोग महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर एकजुट होंगे।प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक पॉजिटिव राजनीति शुरू कर रही है। कांग्रेस जनता से सुनना चाहती है और उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहती है। 

End of Article