Mithun Chakraborty Joins BJP: भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती, लहराया बीजेपी का झंडा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2021, 01:31 PM IST

पीएम मोदी की रैली से पहले कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर मिथुन ने मंच से बीजेपी का झंडा भी लहराया।

Mithun Chakraborty Joins BJP: भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती, लहराया बीजेपी का झंडा

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनावी अभियान को धार देने के लिए कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित पीएम मोदी की रैली से पहले फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भाजपा का दामन थाम लिया है। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने मिथुन चक्रवर्ती का मंच पर स्वागत किया। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय, सुभेंदु अधिकारी, मुकुल रॉय तथा अन्य भाजपा के नेता मंच पर मौजूद रहे। कोलकाता का ब्रिगेड परेड मैदान इस दौरान खचाखच भरा हुआ नजर आया।

भागवत से की थी मुलाकात

आपको बता दें कि अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने बीते 16 फरवरी को मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से भेंट की थी। जिसके बाद उनके भाजपा में जाने की अटकलें लगने लगीं थीं। अब प्रधानमंत्री मोदी की कोलकाता रैली से पहले बीजेपी में शामिल होकर उन्होंने अटकलों को सही साबित किया है। इसके साथ ही तय हो गया कि अब वह चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार भी करेंगे। मिथुन चक्रवर्ती की यह दूसरी राजनीतिक पारी शुरू हुई है, इससे पूर्व वह तृणमूल कांग्रेस के कोटे से अप्रैल 2014 में राज्यसभा पहुंचे थे।

विजयवर्गीय ने कही ये बात

इससे पहले मीडिया ने जब बंगाल बीजेपी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय से पूछा कि क्या बीजेपी मिथुन चक्रवर्ती को राज्य में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएगी तो उन्होंने कहा कि मिथुन चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीजेपी के हाथ मजबूत करेंगे।आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होना है और विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 27 मार्च से शुरू होगा। पीएम मोदी की राज्य में कई रैलियां प्रस्तावित बताई जा रही हैं।

End of Article