दिल्ली समेत उत्तर भारत ठंड की चपेट में, अगले 3-4 दिन में शीत लहर, घने कोहरे का पूर्वानुमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 23, 2020, 03:46 PM IST

Delhi Weather: उत्तर भारत में लगातार बर्फीली हवाएं चल रही हैं और दिल्ली के हिस्सों में अगले 3-4 दिनों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

दिल्ली समेत उत्तर भारत ठंड की चपेट में, अगले 3-4 दिन में शीत लहर, घने कोहरे का पूर्वानुमान
Photo Credit: AP

नई दिल्ली: आने वाले दिनों में राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य राज्यों में शीतलहर की आशंका जताई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट आएगी। अगले 3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भी अलग-अलग जगहों में सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। दिल्ली के हिस्सों में अगले चार दिनों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

नए साल के मौके पर भी दिल्ली में ठंड का प्रकोप ऊंचा रहने की संभावना है। राजधानी में न्यूनतम तापमान लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस के बीच कहीं रहने की संभावना है।

दिल्ली में तापमान के शुक्रवार को तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का भी अनुमान है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन भी तापमान तय मानदंडों के अनुसार रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है। 

घाटी में बर्फबारी का अनुमान

वहीं कश्मीर घाटी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान के जमाव बिंदू से नीचे रहने के चलते कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। मौसम कार्यालय ने कहा है कि हफ्ते के आखिर तक मौसम शुष्क और ठंडा रहेगा और इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बर्फबारी होने का अनुमान है। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर में 40 दिन तक पड़ने वाली कड़ाके की ठंड के दौर यानी 'चिल्लई कलां' के दूसरे दिन भी घाटी में मौसम शुष्क रहा। चिल्लई कलां के दौरान बर्फबारी होने की बहुत अधिक संभावना रहती है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से चार डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है।

End of Article