परमिशन न मिले तो भी शिवाजी पार्क में होगी शिवसेना की दशहरा रैली, उद्धव ठाकरे गुट का ऐलान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2022, 06:41 PM IST

Shivaji Park: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला गुट और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला प्रतिद्वंद्वी गुट ने मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली आयोजित करने की अनुमति मांगी है।

परमिशन न मिले तो भी शिवाजी पार्क में होगी शिवसेना की दशहरा रैली, उद्धव ठाकरे गुट का ऐलान

Shivaji Park: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मंगलवार को कहा कि बीएमसी की मंजूरी मिले या नहीं, वह शिवाजी पार्क मैदान में पार्टी की वार्षिक दशहरा रैली करेगी। मुंबई के पूर्व महापौर मिलिंद वैद्य के नेतृत्व में शिवसेना नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीएमसी के अधिकारियों से मुलाकात कर रैली आयोजित करने की अनुमति के लिए उनके आवेदन की स्थिति के बारे में पूछताछ की।

शिवाजी पार्क में ही होगी दशहरा रैली, उद्धव ठाकरे गुट का ऐलान

उन्होंने कहा कि हमें अनुमति मिले या नहीं, बालासाहेब ठाकरे के शिवसेना कार्यकर्ता रैली के लिए शिवाजी पार्क में एकत्र होंगे। प्रशासन हमें अनुमति दे या मना कर दे। हम शिवाजी पार्क में रैली करने के लिए अपने फैसले पर बहुत दृढ़ हैं। वैद्य ने कहा कि अगर हमें कोई जवाब नहीं मिला तो भी बालासाहेब के शिवसेना कार्यकर्ता दशहरा रैली के लिए शिवाजी पार्क में इकट्ठा होंगे।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला गुट और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला प्रतिद्वंद्वी गुट ने मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली आयोजित करने की अनुमति मांगी है। शिवसेना अपनी स्थापना के समय से ही शिवाजी पार्क में दशहरा रैली कर रही है। बीएमसी ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया है। दोनों गुटों ने विकल्प के रूप में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के एमएमआरडीए मैदान में रैली करने की अनुमति को लेकर भी आवेदन किया है।

पिछले हफ्ते शिंदे खेमे को बीकेसी में रैली करने की मिली थी मंजूरी

पिछले हफ्ते शिंदे खेमे को बीकेसी में रैली करने की मंजूरी मिली थी। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजित पवार ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को शिवाजी पार्क में रैली करने की अनुमति मिलनी चाहिए और अगर अनुमति नहीं मिलती है तो उसे कानून का सहारा लेना चाहिए।

अजित पवार ने कहा कि अगर शिंदे खेमे के लिए बीकेसी मैदान उपलब्ध कराया गया है, तो उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले समूह को शिवाजी पार्क में रैली करने की अनुमति दी जानी चाहिए। राज्य को इन दोनों पक्षों (उनकी संबंधित रैलियों में) के विचार सुनने दें।

End of Article