पूर्व नेवी अफसर पर हुए हमले पर संजय राउत के बोल- महाराष्ट्र बड़ा राज्य है, ऐसा किसी के भी साथ हो सकता है

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2020, 06:16 PM IST

Sanjay Raut: मुंबई में सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा पर हुए हमले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि इतना बड़ा महाराष्ट्र है ये किसी के भी साथ हो सकता है।

पूर्व नेवी अफसर पर हुए हमले पर संजय राउत के बोल- महाराष्ट्र बड़ा राज्य है, ऐसा किसी के भी साथ हो सकता है
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर बने एक कार्टून को व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड करने के बाद मुंबई में सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा पर कई शिवसैनिकों द्वारा हमला किया जाता है। उनके साथ मारपीट की जाती है। इस पर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि महाराष्ट्र एक बड़ा राज्य है। ऐसा कुछ भी किसी के साथ भी हो सकता है।

इसके अलावा उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मदन शर्मा को फोन कर हालचाल पूछने पर भी सवाल उठाए। राउत ने कहा, 'क्या आप जानते हैं कि यूपी में कितने पूर्व सैनिकों पर हमले हुए हैं? लेकिन रक्षा मंत्री ने उन्हें फोन नहीं किया। हमारी सरकार का मानना है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर हमला नहीं किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र में कानून का हमेशा सम्मान किया जाता है। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया, चाहे वे जिस भी पार्टी से जुड़े हों।' हालांकि आरोपियों को तुरंत जमानत भी मिल गई। 

इसके अलावा कंगना रनौत पर राउत ने कहा, 'हमने कंगना के ऊपर बात करना बंद कर दिया है। जिसको जो करना है कर लीजिए। हम सुनेंगे पर बोलेंगे नहीं लेकिन हर बात को हम नोट करेंगे। देख रहे हैं कि कौन सी पार्टी देश और महाराष्ट्र के बारे में क्या सोचती है और उनकी सोच कितनी बुरी है।' 

उन्होंने कहा कि आप जिस तरह से बात करते हो, कीचड़ उछालते हो और उसके बाद अगर लोगों के मन में गुस्सा पैदा होता है फिर आप उसे सरकार से क्यों जोड़ रहे हो। अगर किसी ने हमला किया है तो हमें पूछ कर तो नहीं किया है न। इतना बड़ा महाराष्ट्र है ये किसी के भी साथ हो सकता है। 

इससे पहले उद्धव सरकार पर बरसते हुए मदन शर्मा, सेवानिवृत्त नौसना ​अधिकारी ने कहा था, 'मैं देख रहा हूं कि बॉम्बे में किस तरह का प्रशासन चल रहा है, इसको देख कर सिर्फ बंबई के लोग नहीं पूरे महाराष्ट्र और भारत के लोग परेशान हैं। मैं आग्रह करूंगा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को कि अगर आपकी सरकार संविधान नहीं चला सकती है तो आप इस्तीफा दे।'

End of Article