Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को देश की आजादी की 75वीं सालगिरह पर नागपुर स्थित आरएसएस के मुख्यालय में तिरंगा फहराया। बाद में मोहन भागवत ने कहा कि भारत को काफी संघर्ष के बाद आजादी मिली और उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। साथ ही कहा कि भारत विश्व को शांति का संदेश देगा।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर मुख्यालय पर फहराया तिरंगा
देश को बहुत संघर्ष के बाद आजादी मिली- मोहन भागवत
उन्होंने कहा कि आज गर्व और संकल्प का दिन है। देश को बहुत संघर्ष के बाद आजादी मिली। उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने ये भी कहा कि लोगों को नहीं पूछना चाहिए कि देश और समाज उन्हें क्या देता है, बल्कि ये सोचना चाहिए कि वे देश को क्या दे रहे हैं। आरएसएस मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में आरएसएस के कुछ स्वयंसेवक और प्रचारक मौजूद थे। आरएसएस के स्वयंसेवक शाम पांच बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में ‘पथ संचलन’ भी करेंगे।
इससे पहले शनिवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत संघ मुख्यालय पर तिरंगा फहराया था। वहीं शुक्रवार को संघ ने अपने फेसबुक एवं ट्विटर एकाउंट में डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) बदलकर उसमें तिरंगा लगाया था। उससे पहले सोशल मीडिया में यह प्रश्न खड़ा किया जा रहा था कि सत्तारूढ़ भाजपा के वैचारिक जनक आरएसएस ने डीपी के तौर पर तिरंगा क्यों अपलोड नहीं किया है।

