राम क्या हैं, राहुल गांधी ने बताया, अयोध्या में पीएम मोदी ने किया राम मंदिर का शिलान्यास 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2020, 01:53 PM IST

Rahul Gandhi on ram Temple: अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवान राम का मतलब समझाया है।

राम क्या हैं, राहुल गांधी ने बताया, अयोध्या में पीएम मोदी ने किया राम मंदिर का शिलान्यास 
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों बुधवार को अयोध्या में संप्नन हुआ। राम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए पीएम मोदी दिल्ली से लखनऊ और फिर अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचने पर पीएम सबसे पहले हनुमानगढ़ गए और भगवान हनुमान की आरती उतारी और उनकी परिक्रमा की। इसके बाद पीएम मोदी राम जन्मभूमि स्थान पहुंचे और रामलला का दर्शन किया। दर्शन के बाद पीएम ने राम मंदिर के लिए भूमि पूजन किया और भव्य मंदिर का शिलान्यास किया। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवान राम का मतलब बताया है। 

राहुल गांधी ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप है। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।'

अयोध्या में भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के बाद भव्य एवं दिव्य राम मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। 

भगवान राम और राम मंदिर निर्माण के बारे में कांग्रेस पार्टी बहुत सधा हुआ रुख अपनाती आई है लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 के बाद पार्टी के रुख में परिवर्तन होता दिखा है। कांग्रेस 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की ओर लौटी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मंदिर यात्रा, कैलाश यात्रा और उनका जनेऊधारी होना इसी ओर संकेत करता है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को भगवान राम के बारे में एक विस्तृत बयान जारी किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राम मंदिर एकता, भाईचारे एवं सांस्कृतिक सद्भाव का प्रतीक बनेगा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!