कांग्रेस के 136वें स्‍थापना दिवस से एक दिन पहले विदेश यात्रा पर निकले राहुल गांधी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2020, 12:51 AM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जबकि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र के खिलाफ हमलावर तेवर अपनाए हुए है।

कांग्रेस के 136वें स्‍थापना दिवस से एक दिन पहले विदेश यात्रा पर निकले राहुल गांधी

नई दिल्‍ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को अपनी संक्षिप्त निजी यात्रा पर विदेश रवाना हुए। पार्टी ने यह जानकारी दी। कांग्रेस ने हालांकि यह नहीं बताया कि राहुल गांधी कहां गए हैं। लेकिन पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पुष्टि की कि वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस नेता राहुल गांधी संक्षिप्त व्यक्तिगत यात्रा के लिए विदेश रवाना हुए हैं और वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे।' यह पूछे जाने पर कि पूर्व कांग्रेस प्रमुख कहां गए हैं, सुरजेवाला ने कोई खुलासा नहीं किया।

इटली गए राहुल गांधी!

इस बीच सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सुबह कतर एयरवेज की उड़ान से इटली में मिलान रवाना हुए। राहुल गांधी की नानी इटली में रहती हैं और वह पहले भी उनसे मिलने गए थे।

राहुल के विदेश रवाना होने के एक दिन बाद ही सोमवार को कांग्रेस का 136 वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया जाएगा।

End of Article