किसान आंदोलन: पंजाब में प्रदर्शनकारियों ने BJP नेता के घर के बाहर गोबर से भरी ट्रॉली पलट दी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2021, 07:27 AM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घटना का कड़ा संज्ञान लिया है और कहा कि निजता पर हमले से किसानों के आंदोलन का नाम और मकसद खराब होगा।

किसान आंदोलन: पंजाब में प्रदर्शनकारियों ने BJP नेता के घर के बाहर गोबर से भरी ट्रॉली पलट दी

चंडीगढ़: पंजाब के होशियारपुर में शुक्रवार को कुछ लोगों ने भाजपा के एक नेता के घर के बाहर गोबर से भरी ट्रॉली पलट दी। इसके बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को चेताना पड़ा कि वे कानून अपने हाथ में नहीं लें। कुछ लोगों ने हरियाणा में पंजाब के पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद के घर के बाहर ट्रोली में भरा गोबर बिखेर दिया। माना जाता है कि ये लोग किसान थे। उन्होंने किसानों के प्रति केंद्र के कथित उदासीन रवैये के खिलाफ नारेबाजी भी की।

इसके बाद सूद के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राय बहादुर जोधमल रोड पर धरना दिया और गोबर फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बीच पंजाब भाजपा प्रमुख अश्विनी कुमार शर्मा ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि किसानों के रूप में आए कुछ शरारती लोगों ने सूद के आवास पर हमला कर दिया है और ऐसा सिर्फ राज्य की शांति और भाईचारे को बाधित करने के लिए किया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घटना का कड़ा संज्ञान लिया है और कहा कि निजता पर हमले से किसानों के आंदोलन का नाम और मकसद खराब होगा। उन्होंने किसानों को चेताया कि वे किसान अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई में कानून को हाथ में ना लें। मुख्यमंत्री ने एक बयान में प्रदर्शनकारियों से संयम की अपील की।

सिंह ने कहा कि ऐसी हरकतों से विविध जातियों, धर्मों और समुदायों के बीच बना शांति और सद्भावना का माहौल खराब होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतों और राजनीतिक नेताओं या कार्यकर्ताओं के परिवार को परेशान करने से पंजाब में कानून एवं व्यवस्था में समस्या की स्थिति बन सकती है।

End of Article