Ludhiana Blast updates: लुधियाना धमाके में धारा 302 और 307 के तहत मामला दर्ज, ब्लास्ट में एक की मौत-5 घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 23, 2021, 09:21 PM IST

पंजाब के लुधियाना में कोर्ट परिसर में धमाके में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री चन्नी ने धमाके पर कहा कि चुनाव से पहले पंजाब का माहौल बिगाड़ने की पूरी कोशिश हो रही है।

Ludhiana Blast updates: लुधियाना धमाके में धारा 302 और 307 के तहत मामला दर्ज, ब्लास्ट में एक की मौत-5 घायल

Punjab Ludhiana Blast updates: पंजाब के लुधियाना में कोर्ट परिसर में ब्लास्ट हुआ है। इस धमाके में 1 की मौत हुई है और 5 घायल हुए हैं। पूरे पंजाब में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। धमाके को लेकर थाना डिवीजन नंबर पांच में अपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला कोर्ट कंपलेक्स चौकी इंचार्ज एएसआई सुखपाल सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है। एएसआई के अनुसार करीबन 12:30 बजे दूसरी मंजिल पर जोरदार धमाका हुआ था जिसके बाद 5 लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई है। पुलिस की तरफ से इरादा हत्या की धारा 307, आईपीसी हत्या की धारा 302 और एक्सप्लोसिव एक्ट के अधीन मामला दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि चुनाव के पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। बेअदबी की कोशिश नाकाम होने पर धमाका किया गया है। सूत्र के अनुसार, गृह मंत्रालय ने विस्फोट पर पंजाब से रिपोर्ट मांगी है। धार्मिक स्थलों को लेकर पहले ही सुरक्षा का हाई अलर्ट किया गया है। सीएम चन्नी ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की है। उन्होंने कहा जांच चल रही है। कुछ लोग पंजाब में अशांति फैलाना चाहते हैं। सरकार अलर्ट पर है। घटना में एक व्यक्ति की मौत और 5 घायल हो गए हैं। 

हमले में हो सकता है पाकिस्तान का हाथ: उपमुख्यमंत्री

पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मैंने अभी घटनास्थल का दौरा किया है। हमारे अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। हम सीसीटीवी भी देख रहे हैं। पंजाब में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यह सबसे बड़ा कोर्ट है। भारी भीड़ मौजूद रही। सीसीटीवी विश्लेषण करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारी फोरेंसिक टीम पहुंच गई है। हमारा एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए हम बाहरी ताकतों की संभावना सहित किसी भी चीज से इंकार नहीं कर सकते, क्योंकि वे कभी नहीं चाहते कि पंजाब स्थिर रहे। इसमें पाकिस्तान भी शामिल हो सकता है। 

रंधावा ने घायल मरीजों से मिलने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को मामूली चोटें आई हैं। उनमें से एक ने कहा कि विस्फोट की आवाज बहुत तेज थी जैसे कि कोई इमारत गिर गई हो। पाकिस्तान हमें स्थिर नहीं चाहता। वहीं पंजाब के डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने कहा कि हम किसी चीज पर टिप्पणी नहीं कर सकते। किस तरह के विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया, यह तो विशेषज्ञ ही बता सकते हैं, लेकिन जिला, राज्य और केंद्रीय फोरेंसिक इस पर हैं। हर भीड़-भाड़ वाली जगह अलर्ट है, जनता भी सावधान रहे।

पीड़ितों से मिलने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक एजेंडे के नाम पर डर फैलाया जा रहा है। यही नकारात्मक राजनीति की पराकाष्ठा है; वोटों के ध्रुवीकरण के लिए निर्दोष लोग मारे जाते हैं। अगर लगभग 4 साल तक सब कुछ ठीक रहता है, तो (विधानसभा) चुनाव से 1-2 महीने पहले ही घटनाओं की एक श्रृंखला क्यों होती है? पश्चिम बंगाल में यही हुआ। मैं इस घटिया राजनीति की निंदा करता हूं। जो हमें बांटना चाहते हैं, उन्हें हम करारा जवाब देंगे। 

लुधियाना के कमिश्नर ने कहा है कि धमाके के बाद एक शव बरामद किया गया है। ये शव हमलावर का हो सकता है। शव की पहचान की कोशिश जारी है। घायल हुए लोगों की हालत स्थिर है। बम निरोधक दस्ता मौके पर है। पुलिस कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चला रही है। यहां एनएसजी की एक टीम भी आ रही है। 

लुधियाना ब्लास्ट को बीजेपी महासचिव तरुण चुग ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। साथ ही पंजाब सरकार को ज्यादा सतर्क रहने की बात कही है। उन्होंने बिना नाम लिए नवजोत सिद्धू पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग इमरान को अपना दोस्त बताते हैं लेकिन समझना होगा कि उस पार दोस्त नहीं दुश्मन है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट दुःखद है, चुनाव आ रहे हैं तो लोग पंजाब के अमन चैन भी भंग करना चाहते हैं। पहले बेअदबी का मामला आया और अब ये ब्लास्ट, कुछ लोग शांति भंग कर इसमें चुनावी रोटियां सेंकना चाहते हैं, मैं पंजाब पुलिस से गुजारिश करूंगा की वो साजिश करने वालों पर कार्रवाई करें।

केजरीवाल ने की निंदा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स ब्लास्ट की निंदा की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अशांति पैदा करना चाहते हैं। पंजाब के लोगों को साथ रहना चाहिए। हर बार चुनाव से पहले ऐसी साजिश रचते हैं पर पंजाब के लोग साजिशकर्ताओं के घटिया मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे।

End of Article