पंजाब: भगवंत मान ने किया कैबिनेट का विस्तार, इन 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2022, 07:34 PM IST

Punjab Cabinet: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और इस दौरान पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया। शपथ ग्रहण समारोह पंजाब राजभवन में आयोजित किया गया।

पंजाब: भगवंत मान ने किया कैबिनेट का विस्तार, इन 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
Photo Credit: ANI

चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में फौजा सिंह सारारी, इंद्रबीर सिंह निज्जर, अमन अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने अनमोल गगन मान और चेतन सिंह जौरामाजरा को भी शपथ दिलाई। फौजा सिंह गुरु हर सहाय से विधायक हैं, इंदरबीर सिंह निज्जर अमृतसर दक्षिण से विधायक हैं, अमन अरोड़ा सुनाम से दो बार विधायक रह चुके हैं, चेतन सिंह समाना सीट से विधायक हैं।

आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा पंजाब में सरकार बनाने के तीन महीने से ज्यादा समय बाद यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है। पांच और मंत्रियों के शपथ लेने के बाद मान के मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री समेत 15 हो गई। 

इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद, मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में 10 विधायकों को मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री समेत 18 है। वर्तमान में मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में नौ मंत्री हैं। मई में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब कैबिनेट का विस्तार हुआ है। 5 नए मंत्रियों ने शपथ ली है। पंजाब के लोगों ने हमसे जो उम्मीद की हैं उनपर खरा उतरेंगे। मुझे उम्मीद है कि मेरे सारे मंत्री ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे। हर संभव कोशिश करूंगा कि 75 साल में इन्होंने (पिछली सरकारों) पंजाब का जो बेड़ा गर्क किया है उसे ठीक करूं। आने वाले दिनों में कुछ बड़े-बड़े घपले (घोटाले) भी सामने आएंगे। हम पंजाब के लोगों के एक-एक पैसे का हिसाब लेंगे।

End of Article