Punjab: AAP कार्यकर्ताओं पर लगा कांग्रेस वर्कर की हत्या का आरोप, मान सरकार पर बरसे सिद्धू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 31, 2022, 08:10 AM IST

फिरोजपुर में नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस के कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Punjab: AAP कार्यकर्ताओं पर लगा कांग्रेस वर्कर की हत्या का आरोप, मान सरकार पर बरसे सिद्धू

फिरोजपुर: पंजाब चुनाव के दौरान दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद अब एक की मौत हो गई है। पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर कत्ल का आरोप लगाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के बाद उनके घर पर मातम पसरा है। कांग्रेस पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस कार्यकर्ता के घर का दौरा किया और परिवार को ढांढस बंधाया और इंसाफ दिलाने का वादा किया। सिद्दधू ने पीड़ित परिवार को नौकरी देने की मांग भी की है।

आप सरकार पर हमलावर हुई कांग्रेस

कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के बाद पंजाब इकाई की पूरी कांग्रेस आम आदमी पार्टी और भगवंत मान सरकार पर हमलावर है। साथ ही दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।  कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने हत्या का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले फिरोजपुर के एक गांव में हमले में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता 53 साल के इकबाल सिंह जख्मी हो गए थे।

पुलिस का तलाशी अभियान जारी

इकबाल पर तीन लोगों ने ईंटों से हमला किया था। उन्हें फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।  पुलिस ने कहा कि इकबाल सिंह की हालत गंभीर बनी हुई थी और मंगलवार को उनकी मौत हो गई।  पुलिस के मुताबिक एफआईआर में आरोपियों के खिलाफ 13 मार्च को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के मुताबिक अब इस प्राथमिकी में धारा 302 (हत्या) जोड़ दी गई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।

End of Article