Pragya Thakur: प्रज्ञा ठाकुर ने कहा- मुझे फ्लाइट में बुक की गई सीट नहीं दी, स्पाइसजेट ने बताया कारण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2019, 04:46 PM IST

Pragya Thakur: बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने स्पाइसजेट के कर्मचारियों के खराब व्यवहार की शिकायत की और कहा कि मुझे बुक की गई सीट नहीं दी गई। इस पर स्पाइसजेट ने स्पष्टीकरण दिया है।

Pragya Thakur: प्रज्ञा ठाकुर ने कहा- मुझे फ्लाइट में बुक की गई सीट नहीं दी, स्पाइसजेट ने बताया कारण

नई दिल्ली: भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने निजी विमान सेवा स्पाइसजेट के कर्मचारियों के खिलाफ दिल्ली से भोपाल की अपनी यात्रा के दौरान खराब व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने दिल्ली से भोपाल आने के बाद शनिवार शाम को विमानतल निदेशक को अपनी शिकायत दी। भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डे के निदेशक अनिल विक्रम ने बताया, 'मुझे सीट आवंटन को लेकर शिकायत मिली है। हम इस मामले को देखेंगे।' इस मामले में स्पाइसजेट ने बयान जारी किया है। 

स्पाइसजेट ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर को उड़ान के चालक दल के सदस्यों ने गैर-आपात पंक्ति की सीट की ओर जाने को कहा क्योंकि वह व्हीलचेयर पर थीं, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया, जिससे उड़ान में देरी हुई।

बताया गया कि अपनी सीट के आवंटन से नाराज प्रज्ञा ठाकुर भोपाल हवाई अड्डा पहुंचने के बाद भी कुछ समय तक विमान में बैठी रहीं। बाद में प्रज्ञा ने कहा, 'मैंने विमान में धरना नहीं दिया। मैंने अधिकारियों को बताया कि वास्तव में स्पाइस जेट विमान सेवा का स्टाफ यात्रियों के साथ सही व्यवहार नहीं करता है। उन्होंने मेरे साथ पहले भी ठीक से बर्ताव नहीं किया था और आज भी उनका व्यवहार अच्छा नहीं था।'

एयरलाइन की ओर से कहा गया कि प्रज्ञा ठाकुर ने उड़ान संख्या एसजी2489 में 1ए सीट बुक की थी और शनिवार को अपनी व्हीलचेयर पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचीं। दिल्ली-भोपाल उड़ान बोम्बार्डियर क्यू400 विमान (78 सीटों वाली) द्वारा संचालित है। इस विमान में पहली पंक्ति आपात पंक्ति है और व्हीलचेयर वाले यात्रियों को यहां सीट नहीं दी जाती है। भाजपा सांसद अपनी व्हीलचेयर से आईं थी और टिकट एयरलाइन के जरिए बुक नहीं कराई थी, इसलिए स्टाफ को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह व्हीलचेयर वाली यात्री हैं। सुरक्षा कारणों के चलते उनसे सीट बदलने का आग्रह किया गया था।

हालांकि बाद में प्रज्ञा ठाकुर ने उनकी बात मान ली और गैर-आपात पंक्ति की सीट की तरफ चली गईं। बताया गया कि इस विवाद के चलते उड़ान में करीब 45 मिनट की देरी हुई।

End of Article