CJP's Lehra Do Tiranga March: दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सेंट्रल पार्क में शुक्रवार शाम को ’लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले बृहस्पतिवार को कहा कि छोटे समूह को उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा पहले से लागू है। पुलिस ने लोगों से वहां एकत्र नहीं होने की अपील की।
इस बीच पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है, जिसमें रानी झांसी रोड के पास स्थित झंडेवालान इलाका भी शामिल है, जहां कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं।
16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
वहीं, दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी एवं डीसीपी नेहा यादव ने बृहस्पतिवार शाम यहां पत्रकारों से कहा कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।
उनके मुताबिक, एनडीएमसी ने पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी व्यक्ति को अनधिकृत रूप से प्रवेश करने से रोकने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि कॉजपा ने लोगों से 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में एकत्र होने की अपील की है और लोगों से तिरंगा झंडा लेकर पहुंचने को कहा है।
पुलिस ने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता से प्रदर्शन में शामिल होने तथा बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।
कनॉट प्लेस में बीएनएसएस की धारा 163 लागू
पुलिस के मुताबिक, मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा मानव जीवन और सरकारी एवं निजी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है। पुलिस ने कहा कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने कारोबार प्रभावित होने की जताई आशंका
यादव ने कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न व्यापारी एवं बाजार संघों ने भी अपने प्रतिष्ठानों को अव्यवस्थित तत्वों और गैरकानूनी जमावड़े से बचाने के लिए अभ्यावेदन दिए हैं तथा व्यापारियों ने आशंका जताई है कि इससे खासकर त्योहारी मौसम में उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम जनता से निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले जमावड़े में शामिल नहीं होने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से व्यापारियों की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक गतिविधियों में बाधा नहीं डालने का भी आग्रह किया है।
छोटे समूह को तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति संभव
हालांकि, यादव ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने और राष्ट्रगान गाने के लिए चुनिंदा लोगों के एक समूह की उपयुक्त स्थान पर व्यवस्था की जा सकती है।
पुलिस ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का प्रदर्शन और उसे लेकर चलने तथा राष्ट्रगान गाने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करते हुए उचित सम्मान, गरिमा और मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
अभिजीत दीपके ने किया है 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का आह्वान
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में "लहरा दो तिरंगा" के तहत विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
दीपके ने नागरिकों से प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया और कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना एक लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी इसमें शामिल होने की अपील की।
