Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक का शव सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनावली से बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान मूल रूप से अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के खैरीरी मस्तीपुर गांव निवासी पवन शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कुलेसरा में रह रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के पड़ोसी ललित शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
DJ विवाद या शराब के दौरान झगड़ा?
शुरुआती स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, पवन शर्मा और उसके पड़ोसी के बीच कुछ दिन पहले DJ की तेज आवाज कम कराने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे हत्या की पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि, पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक ब्योरे के अनुसार मामला शराब पीने के दौरान हुए तात्कालिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रात के समय पवन शर्मा और ललित शर्मा एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि आक्रोश में आकर ललित शर्मा ने पवन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को लखनावली में ले जाकर फेंक दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: नोएडा में देर रात मुठभेड़, चेन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली, कुल 92 मुकदमों में थे वॉन्टेड
गुमशुदगी की शिकायत से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब पवन शर्मा समय पर अपने घर नहीं पहुंचा। अनहोनी की आशंका जताते हुए मृतक के भाई ने थाना ईकोटेक-3 में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने अपनी शिकायत में सीधे तौर पर पड़ोसी ललित शर्मा पर संदेह व्यक्त किया था। शिकायत के आधार पर ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेही ललित शर्मा को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लखनावली से पवन शर्मा का शव बरामद किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
थाना सूरजपुर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे डीजे विवाद की पुरानी रंजिश थी या शराब के नशे में हुआ तात्कालिक झगड़ा, इन सभी पहलुओं की गहराई से विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
