पश्चिम बंगाल: बंगाल जीत पर ममता 'दीदी' को पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- कोरोना से लड़ने में करेंगे हरसंभव मदद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 2, 2021, 08:24 PM IST

PM Modi Congratulations to Mamata Banerjee:पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी की जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी को बधाई दी है।

पश्चिम बंगाल: बंगाल जीत पर ममता 'दीदी' को पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- कोरोना से लड़ने में करेंगे हरसंभव मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी और आश्वासन दिया कि लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति और कोविड-19 महामारी से जीत में केंद्र की ओर से राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत के लिए ममता दीदी को बधाई। कोविड-19 के खिलाफ विजय हासिल करने और लोगों की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पश्चिम बंगाल सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।’’


प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा का समर्थन करने के लिए भी पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताया।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘हमारी पार्टी को आशीर्वाद देने के लिए मैं पश्चिम बंगाल के भाइयों और बहनों को धन्यवाद देता हूं। पहले हमारी मौजूदगी नगण्य थी और वहां से आज हमारी मौजूदगी महत्वपूर्ण ढंग से बढ़ी है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा जारी रखेगी।


उन्होंने चुनाव में कड़ी मेहनत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

वहीं देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी ममता बनर्जी को बधाई देते हुए कहा- बंगाल की जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं। भाजपा को दिए समर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त करता हूँ...

गौर हो कि कड़ा मुकाबला होने के अनुमानों को धता बताते हुए, तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। अब तक प्राप्त रुझानों के मुताबिक विधानसभा की 292 सीटों के लिए जारी मतगणना में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 202 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है जबकि भाजपा 81 सीटों पर आगे है।

पिछले विधानसभा चुनाव में महज तीन सीटों पर जीत दर्ज करने वाली भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी लेकिन वह अपने अभियान में सफल नहीं हो सकी।

ममता बोलीं- यह बंगाल की जीत है, बंगाल के लोगों की जीत है

अपनी पार्टी की सत्ता में फिर से वापसी के संकेत मिलने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभी के सामने आईं और लोगों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने साथ ही कहा कि मुझे गर्व है कि बंगाल ने देश को बचा लिया। रूझानों में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के संकेत के बाद ममता बनर्जी  ने कहा कि यह बंगाल की जीत है, बंगाल के लोगों की जीत है। मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि बंगाल ने देश को बचा लिया। मैं सभी को धन्यवाद देती हूं। यह लोकतंत्र की जीत है, लोगों के लिए काम करती रहूंगी। 

End of Article