शहर

Ujjain News : सिंहस्थ से पहले 'महाकाल मार्ग' का कायाकल्प, 39 निर्माण हटाने की तैयारी; 24 मीटर चौड़ी होगी सड़क

उज्जैन में महाकाल मंदिर से महाकाल चौराहे तक करीब 200 मीटर लंबे मार्ग के सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। करीब 12 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 24 मीटर किया जाएगा। इसके लिए 39 भवन और अन्य स्ट्रक्चर चिन्हित किए गए हैं।

Image

उज्जैन में 'महाकाल मार्ग' का चौड़ीकरण प्रक्रिया शुरू

उज्जैन : सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में महाकाल मंदिर से महाकाल चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। करीब 200 मीटर लंबे इस मार्ग को मौजूदा करीब 12 मीटर से बढ़ाकर 24 मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क चौड़ीकरण की जद में 39 भवन और अन्य स्ट्रक्चर चिन्हित किए गए हैं। नगर निगम और प्रशासन की ओर से संबंधित भवन और प्रतिष्ठान मालिकों को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी। कुछ मामलों में हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही थी। स्थगन आदेश समाप्त होने के बाद अब प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है।

सड़क की चौड़ाई के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से पहले ही मार्किंग और सेंट्रल लाइन निर्धारित की जा चुकी है। अब चिन्हित हिस्सों को खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है। कई लोग अपनी सहमति से दुकानों, होटलों और अन्य व्यवसाय से जुड़ा सामान दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। इसके बाद सड़क की जद में आने वाले निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रभावित लोगों का सहयोग ले रहा प्रशासन

अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण निर्धारित मार्किंग और सेंट्रल लाइन के अनुसार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों से संवाद किया जा रहा है और उनसे सहयोग लिया जा रहा है।

महाकाल मंदिर से महाकाल चौराहे तक का यह मार्ग श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उज्जैन स्मार्ट सिटी के प्रस्ताव में भी इस मार्ग को 24 मीटर चौड़ा करने की योजना शामिल है।

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए शहर में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई मार्गों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। महाकाल मंदिर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सड़क की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद मंदिर से महाकाल चौराहे के बीच यातायात व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा और मार्ग पहले की तुलना में अधिक खुला होगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article