जगदीप धनखड़ होंगे NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, वर्तमान में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल हैं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2022, 08:33 PM IST

जगदीप धनखड़ एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल है। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसला हुआ। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऐलान किया।

जगदीप धनखड़ होंगे  NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, वर्तमान में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल हैं

नई दिल्ली: जगदीप धनखड़ एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल है। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसला हुआ। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जगदीप धनखड़ भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार होंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट किया कि राज्यपालों ने मोदी से मुलाकात की। धनखड़ ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी अपनी विनम्रता के लिए जाने जाते हैं। वह अपने साथ एक शानदार कानूनी, विधायी और गवर्नर करियर लेकर आए हैं। उन्होंने हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचितों की भलाई के लिए काम किया है। खुशी है कि वह हमारे उप राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे। श्री जगदीप धनखड़ जी को हमारे संविधान का उत्कृष्ट ज्ञान है। वह विधायी मामलों से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य सभा में एक उत्कृष्ट अध्यक्ष होंगे और राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सदन की कार्यवाही का मार्गदर्शन करेंगे।

छह अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर एनडीए का उम्मीदवार तय करने के लिए शनिवार को बीजेपी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे।

देश के उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है, जिनमें से केवल बीजेपी के 394 सांसद हैं। जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होती है।

मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई है और मतदान 6 अगस्त को निर्धारित है। एनडीए ने 2017 में उपराष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री नायडू को अपना उम्मीदवार बनाया था। इस बार बीजेपी उम्मीदवार की जीत तय है।

End of Article