देशभर में फिर सामने आए कोविड के 3 लाख से अधिक केस, 500 से अधिक मरीजों ने गंवाई जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 23, 2022, 10:02 AM IST

कोविड के कारण देशभर में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। बीते एक दिन में देशभर में कोविड के एक बार फिर 3 लाख से अधिक केस दर्ज किए गए हैं, जबकि इसी अवधि के दौरान सवा पांच सौ लोगों ने इस घातक संक्रामक रोग की वजह से जान गंवा दी।

देशभर में फिर सामने आए कोविड के 3 लाख से अधिक केस, 500 से अधिक मरीजों ने गंवाई जान
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : देशभर में कोविड-19 के रविवार को एक बार फिर 3 लाख से अधिक केस दर्ज किए गए, जबकि 500 से अधिक लोगों ने इस घातक संक्रामक रोग से जान गंवा दी। तमाम प्रतिबंधों, कोविड वैक्‍सीनेशन के बावजूद संक्रमण के बढ़ते मामलों और इसकी वजह से होने वाली मौतों ने चिंता बढ़ाई है। हालांकि विशेषज्ञ लगातार कोविड रोधी टीकाकरण पर जोर दे रहे हैं, जो मरीजों के गंभीर स्थिति में पहुंचने या मौतों की संख्‍या रोकने में खास तौर पर कारगर बताया जा रहा है।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से रविवार जो जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के  3,33,533 नए केस देशभर में दर्ज किए गए हैं। यह संख्‍या एक दिन पहले के मुकाबले 4,171 कम है, लेकिन चिंताजनक स्‍तर पर बनी हुई है। इसी अवधि के दौरान कोविड-19 से संक्रमित 525 मरीजों ने जान गंवाई है, जबक‍ि 2,59,168 मरीज इस घातक संक्रामक रोग से उबरने में कामयाब रहे। कोविड से ठीक होने वाले मरीजों की दर इस समय 93.18 प्रतिशत है।

161.92 करोड़ से अधिक वैक्‍सीनेशन

देश में बढ़ते कोविड केस के बीच एक्टिव मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और यह रविवार को कुल 21,87,205 दर्ज किया गया। यह इस समय देश में मिले संक्रमण के कुल मामलों में का 5.57 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों के दौरान इसमें 73,840 मरीजों की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं कोविड संक्रमण की रोजाना दर 17.78 फीसदी दर्ज की गई है। वहीं कोविड वैक्‍सीनेशन कवरेज की बात करें तो देशभर में रविवार सुबह 7 बजे तक 161.92 करोड़ से अधिक वैक्‍सीनेशन डोज लोगों को लग चुका है।

End of Article