लगातार कम हो रहे हैं कोरोना के नए केस, 75 दिनों में सबसे कम मामले, रिकवरी रेट भी बढ़ा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 15, 2021, 10:33 AM IST

Covid 19 cases in India: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के रोजाना सामने आ रहे नए केस लगातार कम हो रहे हैं। रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है और पॉजिटिविटी रेट में भी कमी दर्ज की गई है।

लगातार कम हो रहे हैं कोरोना के नए केस, 75 दिनों में सबसे कम मामले, रिकवरी रेट भी बढ़ा
Photo Credit: AP, File Image

नई दिल्‍ली : देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 60 हजार से कुछ अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं, जो बीते 75 दिनों में सबसे कम है। मौतों के आंकड़ों में भी बीते कुछ दिनों के मुकाबले कमी दर्ज की गई है। हालांकि अब भी यह चिंताजनक स्थिति में बने हुए है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से मंगलवार को को दी गई जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 60,471 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो बीते 75 दिनों में एक दिन में संक्रमण के सबसे कम नए केस हैं। इसी अवधि में हालांकि 2726 लोगों ने इस महामारी की वजह से जान गंवाई। इस दौरान कोविड-19 के 1 लाख 17 हजार 525 मरीज ठीक हुए।

रिकवरी रेट में सुधार

कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार आ रही कमी से यहां एक्टिव केस कम हुए हैं। रिकवरी रेट में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और साप्‍ताहिक पॉजिटिव‍िटी रेट में भी कमी आई है, जो अब 5 प्रतिशत से भी कम रह गई है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में एक्टिव केस अब 10 लाख से भी कम हैं, जबकि रिकवरी रेट 95 फीसदी से अधिक है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में अब कोविड-19 के कुल एक्टिव केस 9 लाख 13 हजार 378  रह गए हैं, जिनका इलाज अस्‍पतालों, कोविड केयर सेंटर या उनके घरों में हो रहा है। रिकवरी रेट बढ़कर 95.64 प्रतिशत हो गया है, जबकि साप्‍ताहिक पॉजिटिविटी रेट घटकर 4.39 फीसदी रही है। हर दिन के हिसाब से पॉजिटिविटी दर 3.45 फसीदी है।

अब तक 25.9 करोड़ वैक्‍सीनेशन

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की बात करें तो यह बढ़कर 2 करोड़ 95 लाख 70 हजार 881 हो गए हैं, वहीं मृतकों की संख्‍या बढ़कर 3 लाख 77 हजार 31 हो गई है। अब तक 2 करोड़ 82 लाख 80 हजार 472 लोग इस संक्रमण से उबरने में कामयाब रहे। संक्रमण से बचाव के लिए वैक्‍सीनेशन का काम जोरशोर से जारी है और देश में अब तक 25 करोड़ 90 लाख 44 हजार 72 टीकाकरण हो चुका है।

End of Article