20 साल में चुराईं 5000 कार! काले कारनामों से बना लिया 10 करोड़ का विला, 3 बीवियां भी, धराया तो खुला सारा चिट्ठा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2022, 01:46 PM IST

डीसीपी सेंट्रल दिल्ली की ओर से बताया गया कि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने इस अपराधी को धर दबोचा।

20 साल में चुराईं 5000 कार! काले कारनामों से बना लिया 10 करोड़ का विला, 3 बीवियां भी, धराया तो खुला सारा चिट्ठा
Photo Credit: Times Now

दिल्ली पुलिस ने 5000 कार चुराने वाले एक शख्स को पकड़ा है। वह लगभग दो दशक से गाड़ियां चुरा रहा था। करीब 200 आपराधिक केस वाला अनिल चौहान सात साल से फरार था। चोरी और स्मगलिंग आदि जैसे अपने काले कारनामों के जरिए उसने 10 करोड़ का विला (आलीशान बंगला) बना लिया। उसकी तीन बीवियां भी हैं। आरोपी की संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जब्त कर लिया है।        

अरेस्ट किए जाने के बाद चौहान को भारत का सबसे बड़ा कार चोर बताया जा रहा है। डीसीपी सेंट्रल दिल्ली की ओर से टि्वटर पर जानकारी दी गई कि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने उसे दबोचा। उसके खिलाफ 181 केस दर्ज हैं। यह गैंडों के सींगों की स्मगलिंग करता था। देश के अलग अलग हिस्सों से इसने 5000 वाहन चुराए थे, जबकि यह असम सरकार में क्लास 1 कॉन्ट्रैक्टर था। पुलिस ने इसके पास से छह पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस, एक-एक चोरी की कार और मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

अफसरों के अनुसार, वह सात साल से अधिक समय से फरार था, जिसे 27 साल के आपराधिक इतिहास में दो बार गिरफ्तार किया गया था। बताया गया कि चौहान लगभग 6,000 मामलों में शामिल था, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ अब तक 200 केस दर्ज हैं। इस बीच, एक सीनियर अफसर ने बताया कि वह दो दशकों से कारों की चोरी में लिप्त था।

अधिकारी के अनुसार, "चौहान कारों की चोरी करता था। वह उन्हें असम और पूर्वोत्तर भारत में बेच देता था। उसने कई मौकों पर पुलिस को चकमा दिया। जब दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी शुरू की, तो वह असम भाग गया। वहां उसने गैंडे के सींगों की तस्करी शुरू कर दी।" अफसर बोले- आरोपी ने काफी संपत्ति अर्जित की थी, जिसे ईडी ने जब्त कर लिया है। 

End of Article