नई दिल्ली: चक्रवात 'ताउते' (Cyclone Tauktae) का असर कुछ राज्यों में देखने को मिल रहा है। मुंबई में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं और एयरपोर्ट भी बंद रहा। हालांकि बाद में एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो गया। ये गुजरात तट की ओर तेजी के साथ बढ़ रहा है इसको लेकर एजेंसियां बेहद ही अलर्ट मोड में हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार च्रकवात ताउते 'काफी भीषण चक्रवाती तूफान' में परिवर्तित हो गया है। महाराष्ट्र में 6 की मौत हुई, जबकि 9 घायल हुए।
कर्नाटक में चक्रवात ताउते की वजह से प्रभावित तटीय और मलनाड जिले में अब तक छह लोगों की मौत हो गई। आज सुबह तक 121 गांव और तालुका चक्रवात से प्रभावित हैं। यहां अब तक 333 घरों, 644 खंभों, 147 ट्रांसफर्मरों, 57 किलोमीटर सड़कों, 57 जालों और 104 नावों को क्षति पहुंची है।

