Bhaderwah : सांप्रदायिक तनाव के बाद जम्मू के भादेरवाह में कर्फ्यू लागू, इंटरनेट सेवा बंद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 10, 2022, 09:29 AM IST

Curfew imposed in Bhaderwah : इस घटना पर उधमपुर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने अफसोस जताया है। सिंह ने दोनों समुदाय के लोगों से एक साथ बैठने और भादेरवाह कस्बे की पारंपरिक खूबसूरती बहाल करने की अपील की है।

Bhaderwah : सांप्रदायिक तनाव के बाद जम्मू के भादेरवाह में कर्फ्यू लागू, इंटरनेट सेवा बंद
Photo Credit: ANI

Bhaderwah News: जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के भादेरवाह कस्बे में गुरुवार शाम सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिशों के बाद इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। जिला प्रशासन का कहना है कि एहतियाती कदम उठाते हुए बाद में किश्तवाड़ जिले में भी कर्फ्यू लगा दिया गया और मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। बताया जाता  है कि एक स्थानीय मौलवी ने कथित रूप से भड़काऊ भाषण दिया और नुपूर शर्मा का सिर काटने की बात कही। इसके बाद यहां स्थिति बिगड़ी। सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद के बारे में एक आपत्तिजनक पोस्ट ने भी तनाव बढ़ाने का काम किया। 

दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। इलाके में स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इन घटनाओं पर जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य में शांति कायम होगी। जम्मू-कश्मीर के पास पहले से ही बहुत समस्याएं  हैं, अब इसे सांप्रदायिक तनाव की आंच में न झुलसाया जाए। अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

जितेंद्र सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
वहीं, इस घटना पर उधमपुर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने अफसोस जताया है। सिंह ने दोनों समुदाय के लोगों से एक साथ बैठने और भादेरवाह कस्बे की पारंपरिक खूबसूरती बहाल करने की अपील की है। अपने एक ट्वीट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरुवार को भादेरवाह में जो कुछ हुआ उससे वह काफी आहत हैं। एक अन्य ट्वीट में सिंह ने कहा कि वह डोडा के डीसी एवं डिविजनल कमिश्नर के संपर्क में हैं। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। 

End of Article