Sonia Gandhi Birthday : आज 74 बरस की हुईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लेकिन नहीं मनाएंगी जन्मदिन, ये है वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2020, 06:32 AM IST

कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का आज जन्मदिन है। लेकिन कृषि कानूनों और कोविड की स्थिति के खिलाफ किसानों के आंदोलन के समर्थन में 9 दिसंबर को अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।

Sonia Gandhi Birthday : आज 74 बरस की हुईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लेकिन नहीं मनाएंगी जन्मदिन, ये है वजह

नई दिल्ली: कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का आज (09 दिसंबर) जन्मदिन है। वह आज 74 बरस की हो गई हैं। लेकिन उन्होंने देश में कोरोना वायरस संकट और कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों आंदोलन की वजह से इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। सोनिया गांधी इस समय गोवा में हैं क्योंकि डॉक्टरों ने उन्हें भारी प्रदूषण और खराब वायु गुणवत्ता के मद्देनजर दिल्ली से बाहर जाने की सलाह दी थी। प्रदूषण की वजह से उनके सीने में संक्रमण हो गया था। 

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि सोनिया के निर्देशानुसार पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस की प्रदेश यूनिट्स, सीनियर नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे सोनिया के जन्मदिन पर किसी जश्न का आयोजन नहीं करें। कोरोना संकट के कारण कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाया था।

सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली में एक छोटे से गांव में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी हैं। वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष हैं। उत्तर प्रदेश की रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की भी प्रमुख हैं। गांधी का पालन-पोषण एक रोमन कैथोलिक परिवार में हुआ था। स्थानीय स्कूलों में अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद वह कैम्ब्रिज लैंग्वेज पढ़ने के लिए गईं। जहां उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई और बाद में 1968 में दोनों ने शादी कर ली। फिर वे भारत आ गए और अपनी सास, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रहने लगी।

End of Article